प्रशासन ने हटवाया सड़क मार्ग से अवैध कब्जा, भू-अर्जन के बाद भी अड़ंगा डाल रहा था ग्रामीण

आमला/बैतूल :  बैतूल-बरसाली-आमला मार्ग पर वर्षों से अधूरा पड़ा सड़क निर्माण कार्य अब पूरा होने की दिशा में आगे बढ़ गया है। इस मार्ग के दो स्थानों पर निर्माण कार्य लंबे समय से अटका हुआ था, जिसमें एक स्थान पर कार्य पहले ही पूर्ण कर लिया गया था, जबकि ग्राम बरसाली के पास नदी से लगभग 150 मीटर तक का हिस्सा विवाद के कारण अधूरा पड़ा था।
बताया जाता है कि संबंधित भूमि का भू-अर्जन होने के बाद भी एक किसान जमीन छोड़ने को तैयार नहीं था। किसान का कहना था कि वर्ष 2000 के पुराने रास्ते के अनुसार ही सड़क का निर्माण किया जाए। इस संबंध में एसडीएम, कलेक्टर एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों द्वारा कई बार समझाइश दी गई, लेकिन किसान अपनी मांग पर अड़ा रहा।
अधूरे सड़क निर्माण को लेकर सामाजिक संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा भी धरना-प्रदर्शन और ज्ञापन दिए गए थे, जिससे प्रशासन पर कार्य पूर्ण कराने का दबाव बना हुआ था।
गुरुवार 9 अप्रैल को पीडब्ल्यूडी विभाग एवं निर्माण एजेंसी की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन संबंधित किसान एवं उसके परिजनों द्वारा विरोध करते हुए गाली-गलौज और हंगामा किया गया, जिससे कार्य प्रभावित हुआ।
इसके बाद शुक्रवार 10 अप्रैल को एसडीएम, तहसीलदार, राजस्व टीम एवं पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई करते हुए सड़क मार्ग से अवैध कब्जा हटवाया गया और निर्माण कार्य के लिए भूमि को मुक्त कराया गया।
हजारों लोगों को मिलेगा लाभ
यह मार्ग सुगम और शॉर्टकट होने के कारण जिला मुख्यालय तक पहुंचने के लिए हजारों लोग एवं मालवाहक वाहन रोजाना इसका उपयोग करते हैं। अधूरी सड़क के कारण आमजन को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब सड़क निर्माण पूरा होने से आवागमन सुगम और सुरक्षित हो सकेगा।

 रिपोर्टर : दिलीप चौकीकर

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.