प्रेस क्लब ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
बैतूल : मुलताई विधानसभा क्षेत्र के ग्राम डेहरगांव स्थित एक निजी ब्लूबेरी उत्पादन कंपनी पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के जिला अध्यक्ष राहुल नागले ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर मामले की जांच की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि कंपनी द्वारा वर्धा डेम से किसानों के हिस्से का पानी लिया जा रहा है, जिससे डेम सूखने की स्थिति में पहुंच गया है और क्षेत्र के किसानों व पशुओं को पानी संकट का सामना करना पड़ रहा है। यह भी सवाल उठाया गया है कि किसानों के हित में बनाए गए डेम का पानी निजी कंपनी को किस आधार पर दिया जा रहा है और जल संसाधन विभाग ने कितनी मात्रा में पानी उपयोग की अनुमति दी है। साथ ही कंपनी पर मजदूरों से जुड़े नियमों के उल्लंघन के आरोप भी लगाए गए हैं। बताया गया है कि लेबर कॉन्ट्रेक्टर के पास सीमित लाइसेंस होने के बावजूद बड़ी संख्या में मजदूरों से काम कराया जा रहा है। मजदूरों को तय मानक के अनुसार मजदूरी नहीं दी जा रही, जहां अकुशल श्रमिकों के लिए लगभग 478 रुपए प्रतिदिन निर्धारित हैं, वहीं कंपनी द्वारा करीब 400 रुपए ही दिए जा रहे हैं। आवेदन में यह भी उल्लेख है कि मजदूरों का न तो भविष्य निधि (पीएफ) बनाया गया है और न ही बीमा कराया गया है, जबकि 20 से अधिक मजदूर होने पर यह अनिवार्य है। प्रेस क्लब ने पूरे मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कंपनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्टर : संदीप वाईकर बैतूल


No Previous Comments found.