जनकल्याण शिविर में एसडीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
बैतूल : आमला। ग्राम पंचायत रतेड़ा कला में शुक्रवार, 12 जून 2026 को जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया, जनपद पंचायत अध्यक्ष गणेश यादव एवं ग्राम पंचायत सरपंच द्वारा मां सरस्वती के पूजन के साथ किया गया। शिविर में शासन की विभिन्न विभागीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं एवं मांगों को ग्रामीणों से सीधे सुना गया। एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। शिविर के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत कनेक्शन की समस्या पर सहायक अभियंता को निर्देशित किया गया कि तीन दिवस के भीतर सभी शेष आंगनवाड़ी केंद्रों में पांच रुपये वाली विद्युत कनेक्शन योजना के तहत कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। वहीं, आभा आईडी एवं अपार आईडी निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए शिक्षा विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए।
एसडीएम ने विभिन्न विभागों की समय-सीमा आधारित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर नाराजगी जताई और तीन दिवस के भीतर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
शिविर के उपरांत एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया एवं सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट ने ग्राम रतेड़ा स्थित उचित मूल्य की दुकान का निरीक्षण किया। निर्धारित समय सीमा में राशन वितरण नहीं होने पर उन्होंने प्रबंधक एवं सेल्समैन को फटकार लगाते हुए पात्र हितग्राहियों को तत्काल राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
किसानों को उर्वरक वितरण में आ रही समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने संबंधित जिला अधिकारी से चर्चा कर तत्काल पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने एवं किसानों को वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनकल्याण शिविर में एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया के अलावा सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी पंकज दारोठिया, महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी निर्मल सिंह ठाकुर, सेक्टर पर्यवेक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के नोडल अधिकारी एसएडीओ श्री साहू थे। रतेड़ा कला में आयोजित जनकल्याण शिविर के पश्चात एसडीएम शैलेन्द्र बड़ोनिया एवं प्रशासनिक अमला ग्राम पंचायत खेड़ली बाजार में आयोजित जनकल्याण शिविर के लिए रवाना हुआ।
रिपोर्टर : संदीप वाईकर
No Previous Comments found.