प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट आमला ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, तकनीकी जांच की मांग

आमला : शहर के जनपद चौक से पीर मंजिल तक चल रहे नाली निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं एवं घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग को लेकर प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट आमला ने कलेक्टर महोदय के नाम ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की है।

ज्ञापन में बताया गया कि जनपद चौक से पीर मंजिल तक बनाई जा रही नाली के निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानकों की अनदेखी की जा रही है। निर्माण स्थल पर उपयोग की जा रही सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय नागरिकों में भी असंतोष व्याप्त है। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे नाली की मजबूती और दीर्घकालिक उपयोगिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रेस क्लब ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि संबंधित विभाग के तकनीकी अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि जांच में घटिया सामग्री के उपयोग या किसी प्रकार की अनियमितता की पुष्टि होती है तो संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित किया जाए।
इस अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट आमला के अध्यक्ष मोहम्मद आसीफ लंघा ने कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा जनता की सुविधा के लिए करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, ऐसे में निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ होना चाहिए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रेस क्लब ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट आमला के अध्यक्ष मोहम्मद आसीफ लंघा, मयंक रामपुरे , रिंकू,गोलू,अनिल साहू , नरेंद्र आशोले सहित अन्य पत्रकार साथी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : संदीप वाईकर 

 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.