फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन से ज्वेलरी ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, जेवर बरामद
भदोही : भुगतान के नाम पर फर्जी यूपीआई ट्रांजेक्शन दिखाकर ज्वेलरी कारोबारी से ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गोपीगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से ठगी में ली गई एक जोड़ा चांदी की पायल और एक सोने की अंगूठी भी बरामद की गई है।
पीड़ित ओमचन्द्र सेठ, निवासी इनारगांव गंगापुर तलिया थाना कोइरौना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 4 जनवरी को दो बाइक सवार युवक उनकी ज्वेलरी दुकान से करीब 48 हजार रुपये के जेवर लेकर फर्जी यूपीआई पेमेंट का स्क्रीनशॉट दिखाकर फरार हो गए थे। खाते की जांच करने पर रकम जमा न होने की जानकारी मिली।
मामले में थाना गोपीगंज में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में कार्रवाई शुरू की गई। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर नितिन पाण्डेय निवासी मीरजापुर को गिरफ्तार किया।
रिपोर्टर : अवधनाथ यादव
No Previous Comments found.