जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बनपुरवा जंगला भूमि विवाद प्रकरण का किया स्थलीय निरीक्षण

भदोही : औराई कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बनपुरवा जंगला में मंगलवार को विजय शंकर एवं फूलचंद यादव (दोनों चचेरे भाई) के मध्य हुए भूमि विवाद प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने संयुक्त रूप से घटना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित राजस्व अभिलेखों तथा विभिन्न न्यायालयों में दर्ज वादों का परीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर उपस्थित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों से प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा विवाद की पृष्ठभूमि, स्वामित्व संबंधी अभिलेखों एवं न्यायालयीन प्रक्रियाओं की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रकरण में उपलब्ध राजस्व अभिलेखों, न्यायालयीन आदेशों एवं विधिक प्रावधानों के आधार पर निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि अन्याय नहीं होने दिया जाएगा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने हेतु पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अवांछनीय गतिविधि या कानून व्यवस्था प्रभावित करने के प्रयास को सख्ती से लिया जाएगा।

इस दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित पक्ष फूलचंद यादव एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना के संबंध में जानकारी ली तथा उन्हें न्यायपूर्ण कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरी संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई करेगा।
प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि किसी भी प्रकार के विवाद की स्थिति में कानून को अपने हाथ में न लें तथा समस्याओं के समाधान हेतु विधिक प्रक्रिया एवं प्रशासन का सहयोग करें। जनपद में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।

मौके पर उप जिलाधिकारी औराई श्याममणि त्रिपाठी, पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार सिंह, राजस्व व पुलिस की टीम उपस्थित रही।

रिपोर्टर : प्रदीप दूबे विक्की

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.