जनता दर्शन में जिलाधिकारी शैलेष कुमार सख्त, मौके पर निस्तारण के निर्देश

भदोही : जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। विभिन्न विभागों से संबंधित भूमि विवाद, राजस्व प्रकरण, पुलिस, विकास एवं अन्य शिकायतों पर जिलाधिकारी ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से तहसीलदारों, खंड विकास अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का मौके पर जाकर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल औपचारिकता पूर्ण करने से काम नहीं चलेगा, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जहां संभव हो, दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर आपसी सुलह-समझौते के माध्यम से विवादों का समाधान कराया जाए, जिससे अनावश्यक मुकदमेबाजी एवं तनाव से बचा जा सके।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि लापरवाही अथवा शिकायतों के निस्तारण में शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जनता दर्शन में आए फरियादियों ने जिलाधिकारी की सक्रियता की सराहना करते हुए निष्पक्ष सुनवाई पर संतोष व्यक्त किया। जिला प्रशासन ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान ही प्रशासन की प्राथमिकता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर वीरेंद्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी न्यायिक विजय नारायण सिंह एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : प्रदीप दूबे विक्की

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.