फर्जी दस्तावेजों के जरिए राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
भदोही : जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भदोही पुलिस ने धोखाधड़ी, प्रतिरूपण और फर्जी दस्तावेजों के जरिए राजस्व अभिलेख में नाम दर्ज कराने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक भदोही अभिनव त्यागी के निर्देशन में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में थाना भदोही पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एकमा तिराहा से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में मसलाहउद्दीन पुत्र नसरुल्लाह निवासी कजगांव सदात मसौड़ा थाना जफराबाद जनपद जौनपुर तथा सफीना बानो पुत्री मोहम्मद अकरम निवासी कजगांव सदात मसौड़ा थाना जफराबाद जनपद जौनपुर शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि इन्होंने फर्जी दस्तावेज तैयार कर बहुरूपिया बनते हुए राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया था।
इस संबंध में थाना भदोही पर मु0अ0सं0 74/26 धारा 419, 420, 467, 468, 471 और 506 भादवि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरिकेश सिंह, उपनिरीक्षक शमशाद खान, हेड कांस्टेबल हरिकेश यादव, कांस्टेबल शेराफुल, महिला आरक्षी मोहनी तिवारी तथा महिला आरक्षी शामली तिवारी शामिल रहीं।
रिपोर्टर : अवधनाथ

No Previous Comments found.