सीतामढ़ी घाट पर गंगा में डूबने से वारी के किशोर की मौत,दो युवकों को बचाया गया
भदोही - कोईरौना थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी घाट पर गंगा नदी में नहाने गए ग्राम वारी के तीन युवक गुरुवार को गहरे पानी में चले गए। सूचना मिलते ही डायल 112,स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। बचाव अभियान में दो युवकों को सुरक्षित निकाल लिया गया,जबकि एक किशोर की डूबने से मौत हो गई। पुलिस के अनुसार ग्राम वारी,थाना सुरियावां निवासी विशाल शर्मा पुत्र अशोक शर्मा एवं आशीष शर्मा पुत्र सतीश शर्मा को गोताखोरों की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं अभिषेक शर्मा पुत्र संतोष शर्मा (17 वर्ष) गहरे पानी में डूब गया।
काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद गोताखोरों ने अभिषेक को नदी से बाहर निकाला और एम्बुलेंस से सीएचसी डीघ भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को मर्चरी भेज दिया है। मृतक के परिजन मौके पर मौजूद रहे। पुलिस के अनुसार घटना स्थल पर कानून एवं शांति व्यवस्था सामान्य है। ग्राम वारी के किशोर की असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है।
रिपोर्टर - अवधनाथ यादव
No Previous Comments found.