यूआरसी भदोही से निकली "स्कूल चलो अभियान" नामांकन रैली, शिक्षा के प्रति जनजागरण का दिया संदेश
भदोही : भदोही बेसिक शिक्षा विभाग, नगर क्षेत्र भदोही द्वारा "स्कूल चलो अभियान" के अंतर्गत आज यूआरसी भदोही से भव्य नामांकन रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पालिका परिषद भदोही के अधिशासी अधिकारी डी. एस. वर्मा ने किया। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र भदोही,सभासद मामदेवपुर रमेश सरोज, तथा एसआरजी धीरज सिंह रहे।
रैली में नगर क्षेत्र के सभी 27 परिषदीय विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बच्चों ने शिक्षा के महत्व से जुड़े प्रेरक नारों एवं संदेशों के माध्यम से आमजन को प्रत्येक बालक-बालिका का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित कराने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि डी. एस. वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि "शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। समाज और अभिभावकों का दायित्व है कि कोई भी बच्चा विद्यालय से वंचित न रहे। शिक्षित समाज ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होता है। सभी नागरिकों को स्कूल चलो अभियान से जुड़कर प्रत्येक बच्चे को विद्यालय तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए।"
विशिष्ट अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी, नगर क्षेत्र भदोही ने कहा कि "स्कूल चलो अभियान केवल नामांकन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है। परिषदीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, प्रशिक्षित शिक्षक, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन, जूते-मोजे, स्वेटर एवं अन्य शैक्षिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। हमारा लक्ष्य है कि नगर क्षेत्र का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित हो।"
कार्यक्रम का सफल संचालन एआरपी नगर क्षेत्र भदोही श्री सुरेश कुमार मौर्य ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विद्यालय से बाहर रह गए बच्चों का नामांकन कराने हेतु सभी से सहयोग का आग्रह किया।
रैली के दौरान शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने वाले नारों से पूरा वातावरण शिक्षा के रंग में रंग गया। कार्यक्रम का समापन सभी के इस संकल्प के साथ हुआ कि "हर बच्चा स्कूल जाए, पढ़े और आगे बढ़े।"
कार्यक्रम में मुख्य रूप से श्री विनोद सिंह साबिर अंसारी ,शाहनवाज खान ,कुसुम लता गुप्ता, रेखा जायसवाल , बिपिन मौर्य, सतीश मौर्य ,कमला यादव ,सरोज यादव इमरान हसन ,पूनम ,अब्दुल रब अंसारी, सरफराज अंसारी ,यास्मीन बानो ,शाहीन बानो ,राहुल गुप्ता ,अंकुर त्रिपाठी, आनंद सिंह सहित नगर क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक उपस्थित रहे ।
रिपोर्टर : संतोष मिश्र
No Previous Comments found.