48 घंटे में एचबीआई बिग बाजार चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार

गोपीगंज - एचबीआई बिग बाजार कपड़ा दुकान में हुई चोरी का भदोही पुलिस ने महज 48 घंटे में सफल अनावरण करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की रकम में से ₹920 के सिक्के, 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।

5/6 अगस्त 2026 की रात गोपीगंज कस्बे में कपड़ा व्यवसायी हेलाल अहमद निवासी गोपीगंज की एचबीआई बिग बाजार दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर गल्ले में रखे करीब ₹1,200 चोरी कर ले गए थे। मामले में थाना गोपीगंज पर मु0अ0सं0 331/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी ज्ञानपुर चमन सिंह चावड़ा के नेतृत्व में गोपीगंज पुलिस टीम 8 अगस्त की रात संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग एवं वांछित अपराधियों की तलाश में झिरिया पुल के नीचे जीटी रोड क्षेत्र में मौजूद थी।

इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एचबीआई बिग बाजार में चोरी करने वाला व्यक्ति काले रंग की पैशन प्रो बाइक से काली मंदिर, पिज्जा गार्डन की ओर से जीटी रोड की तरफ आ रहा है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर काली मंदिर, मिर्जापुर रोड के पास संदिग्ध बाइक सवार को पकड़ लिया। तलाशी में उसकी कमर से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा अलग-अलग पन्नियों में रखे ₹920 के सिक्के बरामद हुए। बाइक के वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर उसे धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया। रिंकू पुत्र श्याम धर मौर्या, निवासी ग्राम महतुआ, थाना औराई, जनपद भदोही, उम्र करीब 38 वर्ष। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में रिंकू ने 5/6 अगस्त की रात एचबीआई बिग बाजार कपड़ा दुकान का शटर तोड़कर काउंटर में रखे करीब ₹1,200 चोरी करने की बात स्वीकार की। चोरी की रकम में से कुछ रुपये खर्च हो गए, जबकि ₹920 के सिक्के उसके कब्जे से बरामद हुए।

अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि वह अपनी सुरक्षा के लिए अवैध तमंचा रखता था और 8 अगस्त को पुनः चोरी करने की नीयत से गोपीगंज आया था, लेकिन पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पुलिस एवं आमजन की पहचान से बचने के लिए अलग-अलग वेशभूषा और हुलिया अपनाकर दुकानों की रेकी करता था तथा मौका मिलने पर रात में बंद दुकानों को निशाना बनाता था। घटना के बाद पहनावा और हुलिया बदलकर सामान्य व्यक्ति की तरह निकल जाता था। तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से जनपद में हुई अन्य चोरी की घटनाओं में भी उसकी संलिप्तता के महत्वपूर्ण सुराग मिलने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस द्वारा मामले में गहनता से जांच की जा रही है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आयुध अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तारी एवं बरामदगी की कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य ऐप के माध्यम से कराई गई। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया गया। उपनिरीक्षक शशांक बाजपेई, हेड कांस्टेबल मिथिलेश सिंह, कांस्टेबल सुनील वर्मा एवं रिजर्व कांस्टेबल शीलू गुप्ता।

रिपोर्टर - अवधनाथ यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.