राष्ट्रीय खेल दिवस पर खिलाड़ियों ने दिखाई खेल प्रतिभा

भदोही : युवा कल्याण विभाग के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को विभागीय स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में वॉलीबॉल एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं प्रमुख आकर्षण रहीं। प्रतियोगिताओं में स्थानीय ग्रामीण युवाओं एवं खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, समाजसेवी एवं भूतपूर्व अध्यक्ष, जिला युवक समिति, भदोही श्री भानु प्रताप सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद जी के जीवन एवं खेल के प्रति उनके समर्पण से प्रेरणा लेते हुए युवाओं को देशप्रेम की भावना के साथ खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करना चाहिए। खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवा देश का भविष्य हैं, इसलिए उनके सर्वांगीण विकास के लिए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है।

जिला युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी श्री रवि कुमार तिवारी द्वारा अग्निवीर योजना के माध्यम से भारतीय सेना में चयनित युवाओं प्रदीप, गौरव सिंह, अक्षय, ऋषभ यादव, आदित्य, शिवांशु मिश्र एवं नरेश चन्द्र को खेल प्रतियोगिताओं के समापन के उपरांत सम्मानित किया गया। इस अवसर पर चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

वॉलीबॉल प्रतियोगिता में धारा विसम्भर पट्टी की टीम ने विजेता तथा धनापुर उत्तरी की टीम ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। इसी प्रकार कबड्डी प्रतियोगिता में चकमान-धाता की टीम प्रथम स्थान पर रही, जबकि धारा विसम्भर पट्टी की टीम उपविजेता रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजाराम पाल, विजयभान, देवेन्द्र सिंह, जगजीवन, विनोद, सुचेत, दिलबहार, रामफला एवं मोहनलाल सहित अन्य सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

रिपोर्टर : संजय श्रीवास्तव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.