रक्तदान महादान सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ पर जनप्रतिनिधियों व युवाओं ने बढ़-चढ़कर किया रक्तदान

भदोही :– जनपद भदोही में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं जनभागीदारी की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित सेवा संकल्प अभियान के क्रम में जिला चेतसिंह चिकित्सालय ज्ञानपुर में रक्तदान शिविर एवं मरीजों को फल वितरण के साथ फ़ीता काटकर भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, मा. विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे एवं जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी बाल गोविंद शुक्ला, सहित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, युवाओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। मा. विधायक औराई दीनानाथ भास्कर, जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, डॉ. अजय शुक्ला एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार चक ने स्वयं रक्तदान कर आमजन को रक्तदान के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक महान मानवीय सेवा है, जिससे जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति आगे बढ़कर रक्तदान करें और इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आपका दिया हुआ रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है। सेवा भाव से अधिक से अधिक लोग रक्तदान कर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाएं।

 कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रक्तदान शिविर रहा, जिसमें लगभग 57 जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं ने सेवा भाव से रक्तदान किया। रक्तदाताओं ने मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करते हुए समाज को रक्तदान के प्रति जागरूक एवं प्रेरित करने का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान किसी एक व्यक्ति के लिए नहीं, बल्कि जरूरत के समय किसी अनजान व्यक्ति के जीवन को बचाने की मानवीय पहल है। एक स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी एवं अन्य चिकित्सकीय परिस्थितियों में किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। रक्तदान शिविर में युवाओं की विशेष सहभागिता देखने को मिली। युवाओं ने उत्साह के साथ रक्तदान करते हुए समाज में सेवा और परोपकार की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें रक्तदान के महत्व से अवगत कराया गया तथा नियमित रूप से पात्र व्यक्तियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उन्हें फल वितरित किए। मरीजों ने फल प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए आशीर्वाद दिया। मरीजों से संवाद करते हुए अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने चिकित्सालय में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी भी ली तथा उपचार एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त की मा. जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी  ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का माध्यम बने। रक्तदान जैसे मानवीय कार्य समाज में आपसी सहयोग, संवेदना और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने रक्तदाताओं, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के माध्यम से जनपदवासियों को संदेश दिया गया कि रक्तदान जीवन बचाने का महान कार्य है और स्वस्थ एवं पात्र व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में आगामी एक माह तक सेवा, सुशासन, जनभागीदारी एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

रिपोर्टर - संजय श्रीवास्तव 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.