जिला कारागार ज्ञानपुर पहुंचे प्रभारी जिला जज, डीएम और एसपी

भदोही - प्रभारी जिला जज डॉ. अमित वर्मा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने बुधवार को जिला कारागार ज्ञानपुर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ स्वच्छता,पेयजल,भोजन,स्वास्थ्य सुविधाओं और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कारागार की विभिन्न बैरकों और परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बंदियों से सीधे संवाद करते हुए उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को निर्देश दिया कि बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप भोजन, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। बंदियों की ओर से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने जेल परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बंदियों के कल्याण,स्वास्थ्य,शिक्षा एवं कौशल विकास से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी नियमित निगरानी करने पर जोर दिया। संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करते हुए कारागार की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

रिपोर्टर - अवधनाथ यादव

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.