भागम भाग 2’ से गोविंदा का पत्ता साफ? मनोज बाजपेयी की एंट्री पर फैंस नाराज़
BY-UJJWAL SINGH
साल 2006 में रिलीज़ हुई प्रियदर्शन की सुपरहिट कॉमेडी फिल्म भागम भाग आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती है. अक्षय कुमार, परेश रावल और गोविंदा की जबरदस्त कॉमिक केमिस्ट्री ने फिल्म को कल्ट स्टेटस दिलाया था. अब जब भागम भाग 2 को लेकर चर्चाएं तेज़ हैं, तो कास्टिंग में हुए बड़े बदलाव ने फैंस को हैरान और नाराज़ कर दिया है.
‘भागम भाग 2’ में बदली कास्ट
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भागम भाग 2 में अक्षय कुमार और परेश रावल अपने पुराने किरदारों में वापसी करने जा रहे हैं, लेकिन इस बार गोविंदा फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे. उनकी जगह नेशनल अवॉर्ड विजेता अभिनेता मनोज बाजपेयी को कास्ट किए जाने की खबर सामने आई है. बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी बिल्कुल नई होगी, जिसमें पहचान की गलतफहमियां, तेज़ रफ्तार घटनाएं और हास्य से भरपूर ट्विस्ट देखने को मिलेंगे. फिल्म की शूटिंग अगले महीने मुंबई में शुरू होने की संभावना है.
मनोज बाजपेयी की एंट्री पर उठा सवाल
मनोज बाजपेयी अपनी दमदार एक्टिंग और गंभीर भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं. ऐसे में एक स्लैपस्टिक कॉमेडी फ्रेंचाइज़ी में उनकी कास्टिंग ने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया है. कई फैंस का मानना है कि मनोज बेहतरीन अभिनेता हैं, लेकिन गोविंदा जैसी एनर्जी और कॉमिक टाइमिंग लाना आसान नहीं है.
सोशल मीडिया पर फैंस की नाराज़गी
रेडिट और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर फैंस ने इस बदलाव पर तीखी प्रतिक्रियाएं दी हैं. एक यूजर ने लिखा, “अगर भागम भाग बन रही है, तो गोविंदा को ही वापस लाना चाहिए था।” वहीं दूसरे ने कहा, “मनोज बाजपेयी कभी भी गोविंदा जैसी कॉमेडी नहीं कर सकते.” कुछ फैंस तो यहां तक कह रहे हैं कि “बिना गोविंदा के भागम भाग 2 का कोई मतलब नहीं है.
गोविंदा की फिल्मों से दूरी
गौरतलब है कि गोविंदा आखिरी बार 2019 में रिलीज़ हुई फिल्म रंगीला राजा में नज़र आए थे, जो बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप रही। इसके बाद से वह बड़े पर्दे से दूर हैं. हाल ही में उनकी पत्नी सुनीता आहूजा ने भी कहा था कि वह चाहती हैं गोविंदा दोबारा फिल्मों में वापसी करें, लेकिन उनके आसपास के लोग सही फैसले लेने में रुकावट बन रहे हैं.
क्या ‘भागम भाग 2’ दोहरा पाएगी जादू?
अब देखना दिलचस्प होगा कि बदली हुई कास्ट के साथ भागम भाग 2 दर्शकों की उम्मीदों पर खरी उतरती है या नहीं. फैंस की नाराज़गी साफ़ इशारा कर रही है कि गोविंदा की गैरमौजूदगी फिल्म के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन सकती है.


No Previous Comments found.