तिरंगा विवाद में घिरे हार्दिक पांड्या, गर्लफ्रेंड संग जश्न मनाना पड़ा भारी
BY UJJWAL SINGH
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इन दिनों एक नए विवाद में घिरते नजर आ रहे हैं. टीम इंडिया की बड़ी जीत के बाद मैदान पर जश्न मनाना उनके लिए मुश्किल बन गया है. आरोप है कि जश्न के दौरान उन्होंने तिरंगे का सही सम्मान नहीं किया, जिसके चलते उनके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है. यह मामला अब चर्चा का विषय बन गया है और लोग जानना चाहते हैं कि आखिर पूरा मामला क्या है.
जीत के जश्न के दौरान हुआ विवाद
दरअसल भारतीय टीम ने 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक जीत के बाद खिलाड़ी और फैंस मैदान पर खुशी से झूम उठे.इसी दौरान हार्दिक पांड्या अपनी कथित गर्लफ्रेंड माहिका शर्मा के साथ मैदान पर जश्न मनाते हुए दिखाई दिए. वायरल हुए वीडियो में देखा गया कि हार्दिक ने अपनी पीठ पर तिरंगा लपेट रखा था और वे मैदान पर डांस कर रहे थे.कहा जा रहा है कि जश्न के दौरान वे तिरंगा ओढ़े हुए ही जमीन पर लेट भी गए थे. इसी बात को लेकर अब विवाद खड़ा हो गया है और इस घटना को राष्ट्रीय ध्वज के अपमान से जोड़कर देखा जा रहा है.
वकील ने दर्ज कराई शिकायत
इस मामले में पुणे के वकील वाजिद खान ने हार्दिक पांड्या के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है. उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए बताया कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है. वकील के अनुसार, राष्ट्रीय ध्वज अधिनियम 1971 की धारा 2 के तहत तिरंगे का सम्मान करना अनिवार्य है. उनका कहना है कि हार्दिक पांड्या जश्न में इतने डूबे हुए थे कि उन्होंने तिरंगे को अपनी पीठ पर लपेटकर डांस किया और बाद में उसी हालत में जमीन पर लेट गए, जो उनके अनुसार ध्वज का अपमान माना जा सकता है.
पुलिस स्टेशन में दी गई शिकायत
वाजिद खान ने बताया कि उन्होंने पुणे के शिवाजी नगर पुलिस स्टेशन में इस मामले को लेकर शिकायत दर्ज कराई है. शुरुआत में पुलिस ने कहा कि घटना अहमदाबाद में हुई है, इसलिए शिकायत वहां दर्ज होनी चाहिए. हालांकि वकील का कहना था कि राष्ट्रीय ध्वज पूरे देश का प्रतीक है, इसलिए किसी भी जगह शिकायत दर्ज कराई जा सकती है. इसके बाद पुलिस ने उनकी शिकायत स्वीकार कर ली और उन्हें उसकी कॉपी भी दी.
आगे क्या होगा फैसला
फिलहाल इस मामले में आगे क्या कार्रवाई होती है, यह देखना बाकी है. पुलिस इस शिकायत की जांच कर सकती है और उसके आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा. वहीं सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा में बना हुआ है, जहां कुछ लोग इसे अनजाने में हुई गलती बता रहे हैं तो कुछ लोग इसे तिरंगे के सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं.

No Previous Comments found.