धुरंधर 2: पर्दे का जासूस और असल ज़िंदगी की सरहदों से जुड़ी कहानी

BY UJJWAL SINGH 

बॉलीवुड की नई फिल्म धुरंधर पार्ट-2 इन दिनों चर्चा में है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस का किरदार निभा रहे हैं, जो पाकिस्तान में ‘हमजा अली मजारी’ बनकर रहता है. लेकिन दिलचस्प बात सिर्फ फिल्म की कहानी तक सीमित नहीं है ,असल ज़िंदगी में भी रणवीर सिंह के पारिवारिक तार उस भूभाग से जुड़े हैं, जो आज पाकिस्तान का हिस्सा है. यह कहानी सिर्फ एक अभिनेता की नहीं, बल्कि इतिहास, विभाजन और विरासत की भी है.

विभाजन से पहले का बर्क परिवार

रणवीर सिंह का परिवार अविभाजित भारत के पंजाब क्षेत्र से जुड़ा हुआ है. ननकाना साहब के पास मार्टिनपुर नामक गांव में बर्क परिवार रहा करता था. इस परिवार के मुखिया खैरूद्दीन थे, जो शायरी के लिए ‘बर्क’ उपनाम इस्तेमाल करते थे. यह वही दौर था जब भारत और पाकिस्तान एक ही देश हुआ करते थे, और लोगों की पहचान धर्म या सीमा से नहीं, बल्कि संस्कृति से होती थी.

सैम्युल मार्टिन बर्क: जज से राजदूत तक का सफर

रणवीर सिंह की दादी के भाई सैम्युल मार्टिन बर्क एक प्रतिष्ठित सिविल सेवा अधिकारी थे. उन्होंने अविभाजित भारत में जज के रूप में सेवा दी. 1946 के राजनीतिक तनाव के समय उन्होंने निष्पक्षता बनाए रखने के लिए समय से पहले रिटायरमेंट ले लिया और इंग्लैंड चले गए.बाद में, पाकिस्तान के पहले विदेश मंत्री के आग्रह पर उन्होंने पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की नींव रखने में मदद की. वह कई देशों में पाकिस्तान के राजदूत रहे और लंदन में दूतावास की स्थापना में भी उनकी अहम भूमिका रही.

चांद बर्क: ‘डांसिंग लिली ऑफ पंजाब’

सैम्युल की बहन और रणवीर सिंह की दादी चांद बर्क अपने समय की मशहूर डांसर और अभिनेत्री थीं। लाहौर से अपने करियर की शुरुआत करने वाली चांद बर्क को ‘डांसिंग लिली ऑफ पंजाब’ कहा जाता था.विभाजन के बाद वह मुंबई आ गईं, जहां उन्हें शुरुआती संघर्ष का सामना करना पड़ा। बाद में उन्हें फिल्मों में दोबारा पहचान मिली और उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया.

‘बूट पालिश’ से मिली पहचान

चांद बर्क को सबसे ज्यादा पहचान फिल्म बूट पालिश में उनके किरदार से मिली. उन्होंने एक कठोर और लालची महिला का रोल निभाया, जो अनाथ बच्चों पर अत्याचार करती है. उनका अभिनय इतना प्रभावशाली था कि दर्शकों ने उन्हें लंबे समय तक याद रखा.

विरासत से जुड़ा आज का सितारा

चांद बर्क के बेटे जगजीत सिंह भवनानी, रणवीर सिंह के पिता हैं. इस तरह रणवीर सिंह उस विरासत का हिस्सा हैं, जिसकी जड़ें इतिहास, कला और सरहदों के पार फैली हुई हैं.फिल्म में निभाया गया उनका किरदार और उनकी असल पारिवारिक कहानी दोनों ही एक दिलचस्प समानता पेश करते हैं, जहां अभिनय और हकीकत एक-दूसरे से जुड़ते नजर आते हैं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.