राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वृंदावन में प्रेमानंद महाराज से की मुलाकात, आध्यात्म और मानव जीवन पर हुई चर्चा
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इन दिनों ब्रज दौरे पर हैं.अपने इस प्रवास के दूसरे दिन उन्होंने मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की. यह भेंट वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम में हुई, जहां दोनों के बीच करीब 27 मिनट तक आध्यात्म, समाज और ब्रज की परंपराओं को लेकर चर्चा हुई. इस दौरान राष्ट्रपति का स्वागत बड़े ही श्रद्धा और आदर के साथ किया गया.
आश्रम में हुआ आध्यात्मिक संवाद
राष्ट्रपति के आश्रम पहुंचने पर प्रेमानंद महाराज ने “राधे-राधे” नाम के साथ उनका स्वागत किया. इसके बाद दोनों के बीच मनुष्य जीवन के उद्देश्य, आध्यात्मिक साधना और समाज में भक्ति के महत्व पर बातचीत हुई. प्रेमानंद महाराज ने राष्ट्रपति को नाम जप की महत्ता समझाते हुए बताया कि यह मनुष्य जीवन के उद्धार का महत्वपूर्ण मार्ग है. मुलाकात के दौरान आश्रम की ओर से राष्ट्रपति को चुनरी, माला और प्रसाद भेंट किया गया। इस अवसर पर उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे.
प्रेम मंदिर में किए राधा-कृष्ण के दर्शन
ब्रज प्रवास के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ वृंदावन के प्रसिद्ध प्रेम मंदिर में भगवान राधा-कृष्ण के दर्शन किए. मंदिर प्रबंधन की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया. गर्भगृह में पहुंचकर उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और आरती में भी शामिल हुईं. इस दौरान राष्ट्रपति ने मंदिर में आयोजित लेजर शो देखा, प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की.
ब्रज दौरे में कई कार्यक्रमों में लेंगी हिस्सा
जानकारी के अनुसार, राष्ट्रपति अपने दौरे के दौरान नीम करोली बाबा स्मारक का भी भ्रमण करेंगी. इसके साथ ही वह रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम में एक नए ऑन्कोलॉजी ब्लॉक का उद्घाटन करेंगी. राष्ट्रपति इस दौरान साध्वी ऋतंभरा द्वारा स्थापित संस्था वात्सल्य ग्राम में भी ठहरेंगी, जो बुजुर्गों और बच्चों की देखभाल के लिए कार्य करती है.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, जिला बना नो-फ्लाई जोन
राष्ट्रपति के मथुरा-वृंदावन दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. जिला मजिस्ट्रेट चंद्र प्रकाश सिंह के आदेश पर पूरे मथुरा जनपद को 19 मार्च सुबह 10 बजे से 21 मार्च शाम 5 बजे तक नो-फ्लाई जोन घोषित किया गया है. इस दौरान जिले में ड्रोन, पतंग और किसी भी प्रकार के गुब्बारे उड़ाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा.
प्रेमानंद महाराज से मिलने आते हैं कई सेलिब्रिटी
प्रेमानंद महाराज के भक्तों में कई प्रसिद्ध हस्तियां भी शामिल हैं.कुछ समय पहले भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली और उनकी पत्नी अनुष्का शर्मा भी गुप्त रूप से उनके आश्रम पहुंचे थे. हालांकि उस समय उनकी यात्रा को मीडिया से गोपनीय रखा गया था. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का ब्रज दौरा आध्यात्म और संस्कृति से जुड़ा एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम माना जा रहा है. वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से उनकी मुलाकात और धार्मिक स्थलों के दर्शन ने इस यात्रा को और भी खास बना दिया है.

No Previous Comments found.