राम नवमी 2026: दिव्य संयोग में सूर्य ने किया रामलला का तिलक

BY UJJWAL SINGH 

रामनवमी 2026 के अवसर पर अयोध्या  में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर एक ऐसा दिव्य क्षण सामने आया, जब सूर्य की किरणों ने स्वयं राम  लल्ला  के ललाट को स्पर्श किया. इस अलौकिक दृश्य ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया और पूरे वातावरण को राममय बना दिया.

जन्मोत्सव का दिव्य दृश्य

सुबह से ही अयोध्या में मौसम बदला-बदला सा था. हल्की बारिश और घने बादलों के बीच श्रद्धालु भगवान राम के जन्म क्षण का इंतजार कर रहे थे. लेकिन जैसे ही शुभ मुहूर्त आया, अचानक आसमान साफ हो गया और सूर्य की चमकती किरणें सीधे रामलला के ललाट पर पड़ीं. यह दृश्य ऐसा प्रतीत हुआ मानो स्वयं सूर्यदेव भगवान का अभिषेक कर रहे हों.

मंदिर परिसर में “भय प्रकट कृपाला दीनदयाल” के भजन गूंज उठे और हर ओर “जय श्रीराम” के जयकारों से वातावरण गूंजने लगा. श्रद्धालुओं ने इस क्षण को एक चमत्कारी अनुभव बताया.

रामनगरी में भक्ति का उत्सव

अयोध्या की गलियों से लेकर प्रमुख मंदिरों तक हर जगह उत्सव का माहौल था. कनक   भवन  और हनुमान  गढ़ी  में श्रद्धालु भजन-कीर्तन, नृत्य और उत्सव में डूबे नजर आए. रामनगरी पूरी तरह भक्ति, उत्साह और उल्लास से सराबोर हो गई.  हर ओर दीप, फूल और भक्ति गीतों के बीच ऐसा लग रहा था मानो पूरा शहर भगवान राम के स्वागत में सज गया हो.

आस्था और प्रकृति का अद्भुत संगम

इस पावन अवसर पर मौसम का अचानक बदलना श्रद्धालुओं के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं था. सुबह तक बादलों का डेरा और हल्की बारिश थी, लेकिन जन्म के ठीक समय सूर्य का निकलना आस्था को और भी गहरा कर गया.

इस दिव्य घटना ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि आस्था और विश्वास के सामने प्रकृति भी नतमस्तक हो जाती है. अयोध्या में रामनवमी 2026 का यह दृश्य हमेशा के लिए श्रद्धालुओं के मन में बस गया, जहां भक्ति और प्रकृति का अद्भुत संगम देखने को मिला.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.