क्या आप एक दिन में जितना चाहें उतना पेट्रोल खरीद सकते हैं? जानिए नियम
BY UJJWAL SINGH
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और ईंधन सप्लाई को लेकर चिंताओं के बीच देश के कई हिस्सों में पेट्रोल-डीजल की घबराहट में खरीदारी देखी जा रही है. ऐसे में आम लोगों के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या एक दिन में पेट्रोल खरीदने की कोई तय सीमा है?
क्या है पेट्रोल खरीदने का नियम?
आम उपयोग के लिए पेट्रोल खरीदने पर कोई तय कानूनी सीमा नहीं है. आप अपनी जरूरत के हिसाब से दिन में कई बार पेट्रोल भरवा सकते हैं, लेकिन यह आपकी गाड़ी की टंकी की क्षमता तक ही सीमित रहता है. यानी, जितनी क्षमता आपकी गाड़ी में है, उतना ही ईंधन एक बार में भरा जा सकता है.
अलग कंटेनर में पेट्रोल लेने पर नियम
अगर आप पेट्रोल गाड़ी के अलावा अलग से किसी कंटेनर में लेना चाहते हैं, तो पेट्रोल पंप आमतौर पर 2 से 5 लीटर तक ही पेट्रोल देते हैं. विशेष परिस्थितियों में यह मात्रा 10 लीटर तक हो सकती है, लेकिन इसके लिए उचित कारण बताना जरूरी होता है.
Petroleum Act 1934 के अनुसार पेट्रोल को सामान्य प्लास्टिक बोतलों में देना मना है. इसके लिए केवल स्वीकृत और सुरक्षित कंटेनर का ही उपयोग किया जा सकता है, ताकि ज्वलनशील पदार्थों से जुड़े खतरे कम किए जा सकें.
ज्यादा मात्रा में पेट्रोल रखने के नियम
Petroleum Rules 2002 के तहत कोई भी व्यक्ति बिना लाइसेंस के अपने घर पर अधिकतम 30 लीटर पेट्रोल या डीजल ही स्टोर कर सकता है. इससे ज्यादा मात्रा रखने के लिए सरकारी अनुमति या लाइसेंस जरूरी होता है, जैसे कि खेती या जनरेटर के उपयोग के लिए.
नियम तोड़ने पर सजा
अगर कोई व्यक्ति तय सीमा से ज्यादा पेट्रोल बिना अनुमति के जमा करता है, तो यह एक दंडनीय अपराध है. इस पर भारी जुर्माना लग सकता है और गंभीर मामलों में जेल की सजा भी हो सकती है.
इसलिए सुरक्षा और कानून दोनों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल खरीद और भंडारण के नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है.

No Previous Comments found.