Land Donation Law: क्या भारतीय नागरिक किसी विदेशी देश को दे सकते हैं जमीन?
BY UJJWAL SINGH
मेरठ के जानीखुर्द क्षेत्र के रसूलपुर धौलड़ी गांव में हाल ही में एक मामला चर्चा में आया, जिसमें तीन भाइयों ने अपनी 125 वर्ग गज जमीन ईरान में हमले से प्रभावित परिवारों की मदद के लिए अंजुमन हुसैनी संगठन के जरिए दान करने की कोशिश की. जमीन की कीमत लगभग ₹15 लाख बताई जा रही है. इसी बीच सवाल उठता है कि क्या कोई भारतीय कानूनी रूप से किसी अन्य देश को जमीन दान कर सकता है.
भारतीय कानून क्या कहता है
भारतीय कानून के अनुसार कोई भी नागरिक अपनी जमीन को सीधे किसी विदेशी देश के मालिकाना हक में नहीं दे सकता. भारत का क्षेत्र राष्ट्रीय संप्रभुता का हिस्सा है और इसका हस्तांतरण निजी नागरिक नहीं कर सकता. संविधान के अनुच्छेद 1 के मुताबिक भारत राज्यों का संघ है और इसके क्षेत्र में बदलाव सिर्फ संसद द्वारा किया जा सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने बेरुबारी यूनियन केस में स्पष्ट किया कि भारतीय क्षेत्र का कोई भी हस्तांतरण संवैधानिक संशोधन (अनुच्छेद 368) के बिना असंवैधानिक है. इसका मतलब है कि निजी नागरिकों के पास किसी विदेशी राष्ट्र को जमीन देने का अधिकार नहीं है.
विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम और जमीन
विदेशी नागरिकों को संपत्ति या जमीन देने के मामलों पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम लागू होता है, और भारतीय रिजर्व बैंक इस पर नजर रखता है. इस कानून के तहत कृषि भूमि, फार्महाउस या बागान जैसी संपत्ति को विदेशियों को देने पर रोक है. यदि अनुमति मिलती भी है तो नियमों का सख्ती से पालन और मंजूरी लेना जरूरी है.
किस मामलों में दी जा सकती है जमीन
भारतीय नागरिक अपने विदेशी रिश्तेदारों जैसे पति-पत्नी, बच्चे या भाई-बहनों को रिहायशी या कमर्शियल संपत्ति तोहफे में दे सकते हैं. लेकिन जमीन किसी विदेशी सरकार या ऐसे संगठन को नहीं दी जा सकती जिनसे कोई व्यक्तिगत संबंध नहीं हो.
गिफ्ट डीड और कानूनी प्रक्रियाएं
संपत्ति हस्तांतरण अधिनियम 1882 के तहत कोई भी जमीन का तोहफा तभी वैध माना जाएगा जब उसके लिए रजिस्टर्ड गिफ्ट डीड बनाई गई हो. जमीन देने वाला व्यक्ति उसका कानूनी मालिक होना चाहिए. यदि जमीन विदेशी नागरिक को दी जा रही है, तो रजिस्ट्रेशन से पहले अनापत्ति प्रमाण पत्र जैसी मंजूरियां लेना जरूरी है.
इस प्रकार, भारतीय नागरिक केवल नियमों और कानूनी मंजूरी के तहत ही जमीन का दान या तोहफा विदेशी नागरिकों को दे सकते हैं, और किसी विदेशी देश को सीधे जमीन दान करना कानूनन संभव नहीं है.
No Previous Comments found.