जनगणना 2027: लिव-इन कपल्स की जानकारी कैसे होगी दर्ज

 

भारत की अगली जनगणना 2027 सिर्फ आबादी के आंकड़े जुटाने तक सीमित नहीं होगी, बल्कि बदलते समाज की नई तस्वीर पेश करेगी. 1 अप्रैल से शुरू होने वाली इस जनगणना में सरकार ने लिव-इन रिलेशनशिप में रहने वाले जोड़ों को लेकर एक बड़ा और आधुनिक फैसला लिया है. अब तक शादीशुदा और कुंवारे लोगों के बीच जो धुंधली रेखा थी, उसे स्पष्ट किया गया है.डिजिटल पोर्टल और आसान सवालों के जरिए यह जानने की कोशिश की जाएगी कि आधुनिक भारत के घरों में रिश्तों का स्वरूप कैसा है.

लिव-इन कपल्स की श्रेणी और प्रक्रिया

जनगणना 2027 में यह तय किया गया है कि जो जोड़े बिना शादी के एक साथ रह रहे हैं और अपने रिश्ते को स्थाई मानते हैं, उन्हें शादीशुदा जोड़ों की श्रेणी में दर्ज किया जाएगा. इसके लिए किसी कानूनी दस्तावेज या मैरिज सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं होगी. यह पूरी प्रक्रिया विश्वास और स्व-घोषणा पर आधारित है.

जनगणना की पूरी प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू होकर 30 सितंबर तक संपन्न होगी. इसे दो चरणों में बांटा गया है.पहले 15 दिनों में नागरिक अपनी जानकारी सेल्फ-एन्यूमरेशन के जरिए ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। अगले 30 दिनों में गणना अधिकारी घर-घर जाकर उन लोगों का डेटा जुटाएंगे, जिन्होंने ऑनलाइन जानकारी नहीं दी.

 डिजिटल पोर्टल और सवालों की सूची

इस बार जनगणना के लिए एक विशेष ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया गया है, जो पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और आसान बनाएगा. नागरिक घर बैठे हाउस लिस्टिंग (HLO) और जनसंख्या गणना की जानकारी भर सकेंगे. पोर्टल पर FAQ में विस्तृत जानकारी दी गई है, ताकि लिव-इन जोड़े और सामान्य परिवार किसी भ्रम में न रहें.

 पूछे जाने वाले मुख्य सवाल

लिव-इन कपल्स को भी शादीशुदा जोड़ों वाले ही सवाल पूछे जाएंगे. घर-घर जाकर कुल 33 सवाल पूछे जाएंगे. इन सवालों का उद्देश्य केवल जनसंख्या गिनना नहीं, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर को समझना है. इसमें परिवार के पास मौजूद सुविधाओं के बारे में पूछा जाएगा, जैसे:

  • आपके पास कौन-कौन से वाहन हैं (साइकिल, स्कूटर, कार)
  • किस तरह के अनाज का सेवन करते हैं
  • घर में रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या
  • घर की छत, दीवार और फर्श की सामग्री
  • परिवार के मुखिया का लिंग और सामाजिक वर्ग (SC/ST/अन्य)
  • घर का उपयोग और सामान्य रहने वालों की संख्या

इस डेटा के आधार पर सरकार भविष्य की योजनाएं और नीतियां तैयार करेगी.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.