सिर्फ मोबाइल ही नहीं, लैपटॉप और ऑफिस की रोशनी भी बिगाड़ रही है आपकी नींद
आजकल लोग सोचते हैं कि मोबाइल का इस्तेमाल कम करने से नींद और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर होगा. लेकिन असलियत कुछ अलग है. आधुनिक ऑफिस लाइफ में स्क्रीन से दूरी बनाना इतना आसान नहीं है. लैपटॉप, मीटिंग्स और तेज रोशनी लगातार दिमाग को एक्टिव बनाए रखते हैं।
ईमेल और ऑफिस की रोशनी भी कारण
सुबह की शुरुआत अक्सर ईमेल से होती है और दिन भर स्क्रीन के सामने काम चलता रहता है. ऊपर से ऑफिस की तेज, सफेद रोशनी भी दिन जैसी ही लगती है. ऐसे में शरीर को यह संकेत नहीं मिलता कि आराम का समय है। नतीजा यह होता है कि रात में नींद हल्की लगती है, दिमाग शांत नहीं होता और सुबह उठना भारी महसूस होता है.
छिपा हुआ स्क्रीन एक्सपोजर
समस्या सिर्फ ज्यादा फोन चलाने तक सीमित नहीं है. एक सामान्य ऑफिस जॉब में 6–10 घंटे तक स्क्रीन देखना आम बात है. फर्क केवल यह है कि यह काम का हिस्सा होता है, इसलिए लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं. दिमाग के लिए स्क्रीन स्क्रीन ही होती है, चाहे वह काम की हो या मनोरंजन की.
एक्सपर्ट की राय
डॉ. नेहा कपूर बताती हैं कि मोबाइल कम करने से स्क्रीन के नुकसान से बचा नहीं जा सकता. ऑफिस में लैपटॉप और कमरे की रोशनी भी शरीर की जैविक घड़ी को प्रभावित करती है. इससे मेलाटोनिन हार्मोन बनने में रुकावट आती है, जो नींद के लिए जरूरी है. जब मेलाटोनिन प्रभावित होता है, तो सोने का समय खिसक जाता है और दिमाग पूरी तरह ऑफ नहीं होता.
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं भी इस बात को मान चुकी हैं। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ की रिपोर्ट के अनुसार, शाम को ब्लू लाइट का एक्सपोजर मेलाटोनिन कम करता है और नींद की क्वालिटी खराब करता है. सेंटर फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन भी मानता है कि सोने से पहले स्क्रीन का इस्तेमाल नींद को प्रभावित करता है. लगातार मानसिक सक्रियता भी नींद में बाधा डालती है, जिससे फोकस कम होता है, याददाश्त कमजोर पड़ती है और मूड बदलता है.
नींद सुधारने के उपाय
कुछ छोटे बदलाव काफी मदद कर सकते हैं:
- हर 20 मिनट में स्क्रीन से नजर हटाना
- शाम के समय स्क्रीन की ब्राइटनेस कम करना
- सोने से पहले 45–60 मिनट का गैप रखना
- कमरे की लाइट हल्की करना
नींद केवल आराम नहीं, बल्कि दिमाग के सही तरीके से काम करने के लिए जरूरी है. छोटी-छोटी आदतें बदलकर आप अपनी नींद और मानसिक स्वास्थ्य दोनों बेहतर बना सकते हैं.
No Previous Comments found.