हीट स्ट्रोक (लू लगना): शरीर पहले ही देता है चेतावनी, इन संकेतों को न करें नजरअंदाज

गर्मी का मौसम बढ़ते ही लू लगने (Heat Stroke) का खतरा भी तेजी से बढ़ जाता है. यह एक गंभीर स्थिति होती है, जिसमें शरीर का तापमान अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाता है और शरीर खुद को ठंडा नहीं कर पाता. ऐसी स्थिति में समय पर सावधानी और सही जानकारी बेहद जरूरी होती है, क्योंकि शरीर पहले ही कुछ संकेत देकर चेतावनी देने लगता है, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं.

लू लगने से पहले शरीर के शुरुआती संकेत

हेल्थ के बारे में जानकारी देने वाली संस्था Cleveland Clinic के अनुसार, लू लगने से पहले शरीर कई बदलाव दिखाता है. शुरुआत में हल्का चक्कर आना, कमजोरी महसूस होना और सिर भारी लगना जैसे लक्षण दिखाई देते हैं. कई बार व्यक्ति को उल्टी जैसा महसूस होता है या पेट खराब हो सकता है. ये संकेत बताते हैं कि शरीर गर्मी को सहन करने में कठिनाई महसूस कर रहा है और उसे तुरंत आराम की जरूरत है.

स्थिति के गंभीर होने पर लक्षण

यदि इन शुरुआती संकेतों को नजरअंदाज किया जाए तो स्थिति तेजी से गंभीर हो सकती है. शरीर का तापमान बढ़ने लगता है, दिल की धड़कन तेज हो जाती है और सांस सामान्य से अधिक तेज चलने लगती है. कुछ लोगों में पसीना आना बंद हो जाता है, जबकि कुछ मामलों में अत्यधिक पसीना भी देखा जाता है। त्वचा लाल या बहुत सूखी हो सकती है.

सबसे खतरनाक स्थिति तब होती है जब इसका असर दिमाग पर पड़ने लगता है.व्यक्ति को भ्रम होने लगता है, बोलने में कठिनाई होती है और सोचने-समझने की क्षमता प्रभावित हो जाती है. गंभीर मामलों में बेहोशी भी आ सकती है, जो जानलेवा साबित हो सकती है और तुरंत इलाज की जरूरत होती है.

लू लगने के कारण

लू लगने के पीछे कई कारण होते हैं. तेज धूप में लंबे समय तक रहना, बंद और गर्म जगहों में काम करना या अत्यधिक शारीरिक मेहनत करना इसके मुख्य कारण हैं. जब शरीर जरूरत से ज्यादा गर्म हो जाता है और पसीने के जरिए खुद को ठंडा नहीं कर पाता, तब यह समस्या उत्पन्न होती है.

किन लोगों को ज्यादा खतरा होता है

कुछ लोग लू से अधिक प्रभावित होते हैं. इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और पहले से बीमार लोग शामिल हैं. इसके अलावा जो लोग खुले में काम करते हैं या गर्मी में अधिक मेहनत करते हैं, उन्हें भी विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

बचाव के उपाय

लू से बचने के लिए शरीर को पर्याप्त आराम देना जरूरी है. खूब पानी पीना, हल्के और ढीले कपड़े पहनना और तेज धूप से बचना चाहिए. यदि किसी व्यक्ति में शुरुआती लक्षण दिखाई दें तो उसे तुरंत ठंडी जगह पर ले जाकर शरीर को ठंडा करने की कोशिश करनी चाहिए.

लू कोई साधारण समस्या नहीं है, बल्कि यह समय पर ध्यान न देने पर गंभीर और जानलेवा भी हो सकती है। शरीर के संकेतों को समझना और समय पर सावधानी बरतना ही इससे बचाव का सबसे अच्छा तरीका है. इसलिए गर्मी में शरीर के छोटे-छोटे संकेतों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.