ऑफिस की चाय-कॉफी और AC की हवा बढ़ा रही डिहाइड्रेशन का खतरा, किडनी पर भी पड़ सकता है असर
पहली नजर में यही लगता है कि तेज धूप में काम करने वाले लोग ही सबसे ज्यादा डिहाइड्रेशन का शिकार होते होंगे, लेकिन हकीकत इससे अलग है। कई बार पूरे दिन एयर कंडीशनर (AC) में बैठकर काम करने वाले ऑफिस कर्मचारी दिन के अंत तक ज्यादा डिहाइड्रेटेड पाए जाते हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि यह समस्या धीरे-धीरे और बिना स्पष्ट संकेतों के बढ़ती है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, ऑफिस का माहौल, लगातार AC में बैठना और जरूरत से ज्यादा चाय-कॉफी पीना इसकी बड़ी वजह बन रहे हैं।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
केयर हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. पी. विक्रांत रेड्डी ने TOI को बताया कि बाहर काम करने वाले लोगों की तुलना में ऑफिस में बैठे लोग कई बार कम पानी पीते हैं। इसका कारण आलस नहीं, बल्कि काम करने का तरीका और वातावरण है। लोग घंटों स्क्रीन के सामने बैठे रहते हैं और उन्हें पानी पीने का ध्यान ही नहीं रहता।
AC का शरीर पर असर

डॉक्टरों के मुताबिक, AC में बैठने से शरीर के प्राकृतिक संकेत कमजोर पड़ जाते हैं। जब पसीना नहीं आता और गर्मी महसूस नहीं होती, तो प्यास का एहसास भी कम होने लगता है। हालांकि शरीर त्वचा और सांस के जरिए लगातार पानी खोता रहता है। ठंडी हवा आराम जरूर देती है, लेकिन यह शरीर में सूखापन भी बढ़ाती है। यही वजह है कि लोग बिना महसूस किए डिहाइड्रेशन की ओर बढ़ने लगते हैं।
चाय-कॉफी कैसे बढ़ाती है समस्या?

ऑफिस में दिनभर चाय और कॉफी पीने की आदत भी डिहाइड्रेशन को बढ़ाती है। कई लोग मान लेते हैं कि वे पर्याप्त तरल ले रहे हैं, जबकि ये ड्रिंक्स पानी की जगह नहीं ले सकतीं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, ज्यादा चाय-कॉफी पीने से शरीर उतना हाइड्रेट नहीं रह पाता जितना जरूरी है।
क्या हो सकती हैं दिक्कतें?
हल्का सिरदर्द, थकान, ध्यान में कमी और शरीर में भारीपन डिहाइड्रेशन के सामान्य लक्षण हो सकते हैं। लंबे समय तक पानी की कमी रहने पर किडनी स्टोन और यूरिन इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ सकता है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें, चाय-कॉफी कम करें और बीच-बीच में ब्रेक लेकर चलते रहें।

No Previous Comments found.