बंगाल की राजनीति में बड़ा दावा: सुवेंदु अधिकारी नए मुख्यमंत्री, कल शपथ की चर्चा
बंगाल की सियासत में इन दिनों हलचल तेज है। खबरों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल के नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुवेंदु अधिकारी के नाम पर मुहर लग गई है। बताया जा रहा है कि बीजेपी विधायक दल की अहम बैठक में उनके नाम को अंतिम सहमति मिल गई, जिसके बाद अब उनके कल शपथ लेने की तैयारी है।
इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद रहे, जिनमें सुनील बंसल, अमित मालवीय, बिप्लब देब, निशित प्रमाणिक, अग्निमित्र पाल और शंकर घोष जैसे नाम शामिल रहे।
सूत्रों के अनुसार, रवींद्र जयंती के अवसर पर शनिवार सुबह 10 बजे ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, बीजेपी अध्यक्ष और अन्य शीर्ष नेताओं की मौजूदगी की संभावना जताई जा रही है।
सिर्फ इतना ही नहीं, एनडीए शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री और समाज के विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां भी इस समारोह में शामिल हो सकती हैं। पूरे आयोजन को बंगाली सांस्कृतिक रंग में ढालने की भी तैयारी की जा रही है, जिससे समारोह और भी खास बन सके।
इधर संभावित मंत्रिमंडल को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। राजनीतिक गलियारों में जिन नामों की सबसे ज्यादा चर्चा है, उनमें दिलीप घोष, शंकर घोष, स्वपन दासगुप्ता, निशित प्रमाणिक, जितेंद्र तिवारी, शरदवत मुखर्जी, रुद्रनील घोष, दुधकुमार मंडल और बंकिम घोष जैसे नेता शामिल बताए जा रहे हैं।

No Previous Comments found.