NEET UG 2026 परीक्षा रद्द: पेपर लीक की आशंका के बाद NTA का बड़ा फैसला
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित हुई NEET UG परीक्षा को रद्द कर दिया है. परीक्षा में पेपर लीक की आशंका जताई गई है, जिसके बाद केंद्र सरकार की मंजूरी से यह फैसला लिया गया. अब मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) करेगी। NTA ने कहा है कि परीक्षा की नई तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी.
600 नंबर के सवाल पहले ही पहुंचने का दावा
जांच एजेंसियों को मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार परीक्षा के कुल 720 अंकों में से लगभग 600 नंबर के सवाल पहले ही कुछ छात्रों तक पहुंच चुके थे.बताया जा रहा है कि हाथ से लिखा हुआ एक गेस पेपर कई छात्रों के पास मिला, जिसके सवाल असली परीक्षा से मेल खाते पाए गए.
रिपोर्ट्स के मुताबिक यह गेस पेपर 1 मई को केरल के एक मेडिकल कॉलेज में MBBS की पढ़ाई कर रहे छात्र ने सीकर स्थित अपने एक दोस्त को भेजा था. इसके बाद यह पेपर सीकर के एक पीजी संचालक तक पहुंचा, जिसने अपने यहां रहने वाले छात्रों को यह सामग्री उपलब्ध कराई. इसी माध्यम से यह पेपर कई अन्य लोगों तक फैल गया.
राजस्थान में SOG की बड़ी कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने 10 मई को कार्रवाई करते हुए देहरादून, सीकर और झुंझुनू से 13 संदिग्धों को हिरासत में लिया. हिरासत में लिए गए लोगों में सीकर के एक कोचिंग संस्थान से जुड़ा करियर काउंसलर भी शामिल है.
SOG को मिले इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि पेपर लीक का नेटवर्क कितना बड़ा था और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे.
छात्रों में बढ़ी चिंता
NEET परीक्षा रद्द होने से लाखों छात्रों और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है. छात्र अब नई परीक्षा तारीखों का इंतजार कर रहे हैं. वहीं, सरकार और जांच एजेंसियों पर निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का दबाव बढ़ गया है.

No Previous Comments found.