छात्रों में मानसिक तनाव के शुरुआती लक्षण कैसे पहचानें पैरेंट्स?
देशभर में बोर्ड और प्रवेश परीक्षाओं के परिणाम घोषित होने के बाद हर घर में अलग-अलग भावनाएं देखने को मिलती हैं. कहीं खुशी और गर्व होता है, तो कहीं निराशा, चिंता और भविष्य को लेकर असमंजस. कई छात्र बाहर से सामान्य दिखाई देते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर तनाव, डर और मानसिक दबाव से जूझ रहे होते हैं. हाल ही में सामने आई रिपोर्ट्स बताती हैं कि बड़ी संख्या में बच्चे अपनी मानसिक परेशानी परिवार से साझा नहीं कर पाते, क्योंकि उन्हें डर रहता है कि लोग उन्हें कमजोर समझेंगे. ऐसे समय में माता-पिता की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है.
बच्चों में दिखने वाले शुरुआती संकेत
मानसिक तनाव अचानक नहीं आता, बल्कि धीरे-धीरे बढ़ता है। सबसे पहले इसका असर बच्चों के व्यवहार और आदतों में दिखाई देता है. बच्चा चिड़चिड़ा रहने लगता है, अकेले रहना पसंद करता है और परिवार या दोस्तों से दूरी बनाने लगता है. जिन गतिविधियों में पहले उसे खुशी मिलती थी, उनमें उसकी रुचि कम होने लगती है.
इसके अलावा नींद की समस्या, भूख कम लगना, बार-बार सिरदर्द या पेट दर्द की शिकायत भी मानसिक तनाव के संकेत हो सकते हैं. कुछ बच्चे हर समय परफेक्ट बनने का दबाव महसूस करते हैं, जबकि कुछ पढ़ाई से पूरी तरह दूरी बनाने लगते हैं. विशेषज्ञों का मानना है कि इन बदलावों को केवल सामान्य मूड स्विंग समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.
बच्चे क्यों छिपाते हैं अपनी परेशानी?
आज के समय में सोशल मीडिया, दूसरों से तुलना, अच्छे कॉलेज में प्रवेश का दबाव और हर समय सफल दिखने की होड़ बच्चों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही है. कई छात्रों को लगता है कि कम नंबर आने पर लोग उन्हें कम समझेंगे. इसी डर के कारण वे अपनी चिंता और तनाव को मन में दबाकर रखते हैं. कई बच्चों ने यह भी स्वीकार किया कि जब उन्होंने घर पर अपनी परेशानी बताने की कोशिश की, तो उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया.
माता-पिता कैसे बनें सबसे बड़ा सहारा
विशेषज्ञों के अनुसार बच्चों को हर समय नंबरों के आधार पर आंकने के बजाय उनकी भावनाओं को समझना जरूरी है. माता-पिता को रोज बच्चों से खुलकर बात करनी चाहिए और ऐसा माहौल बनाना चाहिए, जहां बच्चा बिना डर अपनी बात कह सके. बच्चों की तुलना दूसरों से करने के बजाय उनकी मेहनत और प्रयास की सराहना करनी चाहिए.
अगर बच्चे के व्यवहार में लंबे समय तक बदलाव दिखाई दे, तो उसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. कई बार केवल प्यार से उनकी बात सुन लेना ही उनका आधा तनाव कम कर देता है. बच्चों को यह महसूस कराना जरूरी है कि उनकी पहचान केवल अंकों से नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व, मेहनत और आत्मविश्वास से होती है.


No Previous Comments found.