कांग्रेस आलाकमान के कहने पर सिद्धारमैया ने दिया इस्तीफा, डीके शिवकुमार के सीएम बनने की चर्चा तेज
कर्नाटक की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया. लोकभवन पहुंचकर उन्होंने राज्यपाल के सचिव को अपना त्यागपत्र सौंपा. इस दौरान उनके साथ उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, गृह मंत्री जी परमेश्वर समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे. इस्तीफे के बाद सिद्धारमैया ने साफ कहा कि उन्होंने कांग्रेस आलाकमान के निर्देश पर मुख्यमंत्री पद छोड़ा है.
आलाकमान के फैसले का किया सम्मान
मीडिया से बातचीत करते हुए सिद्धारमैया ने कहा कि उन्होंने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जब भी पार्टी आलाकमान उनसे इस्तीफा मांगेगा, वे तुरंत पद छोड़ देंगे. अब पार्टी नेतृत्व के कहने पर उन्होंने अपना त्यागपत्र दे दिया है. उन्होंने बताया कि राज्यपाल फिलहाल बेंगलुरु में मौजूद नहीं हैं, इसलिए उन्होंने राज्यपाल के सचिव को इस्तीफा सौंपा है. सिद्धारमैया ने कहा कि राज्यपाल के लौटने के बाद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया जाएगा.
जनता का जताया आभार
मुख्यमंत्री पद छोड़ने के बाद सिद्धारमैया ने कर्नाटक की जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में सेवा करने का अवसर दिया, जिसके लिए वे हमेशा आभारी रहेंगे. साथ ही उन्होंने विधानसभा में विपक्ष के नेता के तौर पर अपने पुराने राजनीतिक सफर को भी याद किया.
तीन साल से चल रही थी सीएम पद की खींचतान
दरअसल, मई 2023 में कर्नाटक में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद से ही मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच राजनीतिक खींचतान की चर्चा लगातार चल रही थी। दोनों नेताओं के बीच मुख्यमंत्री बनने की होड़ थी. हालांकि कांग्रेस आलाकमान ने सिद्धारमैया के अनुभव को प्राथमिकता देते हुए उन्हें मुख्यमंत्री बनाया, जबकि डीके शिवकुमार को उपमुख्यमंत्री पद दिया गया.
उस समय यह भी चर्चा थी कि दोनों नेताओं के बीच ढाई-ढाई साल के लिए मुख्यमंत्री पद साझा करने पर सहमति बनी है, हालांकि इसकी कभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई. अब सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद यह माना जा रहा है कि कांग्रेस नेतृत्व ने डीके शिवकुमार को नया मुख्यमंत्री बनाने पर सहमति दे दी है.

No Previous Comments found.