पीएम मोदी तोड़ेंगे जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड, बनेंगे देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को भारतीय राजनीति में एक नया इतिहास रचने जा रहे हैं. इस दिन वह लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री रहने का पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड पीछे छोड़ देंगे. इसी के साथ मोदी देश के ऐसे पहले प्रधानमंत्री बन जाएंगे, जिन्होंने लगातार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबा कार्यकाल पूरा किया है.

9 जून को पूरा होगा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

9 जून को प्रधानमंत्री मोदी के तीसरे कार्यकाल के दो वर्ष भी पूरे हो रहे हैं. इस अवसर पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के मुख्यमंत्रियों की 10 जून को होने वाली बैठक में उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई देने का प्रस्ताव पारित किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) प्रमुख एन. चंद्रबाबू नायडू यह प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे, जबकि एनडीए के अन्य सहयोगी दलों के नेता इसका समर्थन करेंगे। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री मोदी के पिछले 12 वर्षों के कार्यकाल और उनकी प्रमुख उपलब्धियों का भी उल्लेख किया जाएगा.

नेहरू का रिकॉर्ड कैसे टूटेगा?

भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने 13 मई 1952 को पहली बार निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वह लगातार 4,397 दिनों तक, यानी 12 वर्ष और 14 दिनों तक, निर्वाचित प्रधानमंत्री रहे थे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 जून को 4,398 दिन पूरे कर लेंगे, जो नेहरू के इस रिकॉर्ड से एक दिन अधिक होगा.

हालांकि, जवाहरलाल नेहरू 15 अगस्त 1947 से प्रधानमंत्री थे, लेकिन उस समय वे स्वतंत्र भारत की अंतरिम सरकार के प्रमुख थे. इसलिए उन्हें निर्वाचित प्रधानमंत्री नहीं माना जाता. नेहरू 27 मई 1964 को अपने निधन तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहे. यदि उनका पूरा कार्यकाल जोड़ा जाए तो यह कुल 6,130 दिनों का बनता है, जिसमें अंतरिम या गैर-निर्वाचित सरकार के प्रमुख के रूप में बिताए गए 1,733 दिन भी शामिल हैं.

पीएम मोदी के नाम दर्ज हैं कई अन्य रिकॉर्ड

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही कई महत्वपूर्ण राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. वह भारत के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री बन चुके हैं. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के 2,272 दिनों के कार्यकाल को भी पीछे छोड़ दिया है.

इसके अलावा, मोदी लगातार तीन लोकसभा चुनाव जीतने वाले पहले गैर-कांग्रेसी प्रधानमंत्री हैं. निर्वाचित सरकारों के प्रमुख के रूप में सबसे लंबे निरंतर कार्यकाल का रिकॉर्ड भी उनके नाम दर्ज है.

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी. वह 22 मई 2014 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और 26 मई 2014 से देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं. इस प्रकार चुनी हुई सरकारों के प्रमुख के रूप में वह 9,000 से अधिक दिनों का कार्यकाल पूरा कर चुके हैं, जो भारतीय लोकतांत्रिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.