सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते समय सावधान! भूलकर भी न दिखाएं फिंगरप्रिंट, एक्सपर्ट्स ने दी बड़ी चेतावनी

आज के दौर में स्मार्टफोन कैमरे पहले से कहीं ज्यादा एडवांस और हाई-रेजॉल्यूशन हो गए हैं. ये कैमरे छोटी से छोटी डिटेल को भी आसानी से कैप्चर कर लेते हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है.साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स ने चेतावनी दी है कि यदि आपकी तस्वीरों में फिंगरप्रिंट साफ दिखाई दे रहे हैं, तो यह आपकी डिजिटल सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है. एआई और आधुनिक तकनीकों की मदद से साइबर अपराधी तस्वीरों से फिंगरप्रिंट रिकंस्ट्रक्ट कर सकते हैं और उनका गलत इस्तेमाल कर सकते हैं.

क्यों खतरनाक हो सकते हैं फिंगरप्रिंट वाली तस्वीरें?

फिंगरप्रिंट आज के समय में सबसे महत्वपूर्ण बायोमेट्रिक पहचानकर्ताओं में से एक हैं. स्मार्टफोन, लैपटॉप और कई डिजिटल सेवाओं में इन्हीं के जरिए पहचान सत्यापित की जाती है। यदि किसी व्यक्ति के फिंगरप्रिंट गलत हाथों में पड़ जाएं, तो साइबर सुरक्षा से जुड़ी गंभीर समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

इसी खतरे को देखते हुए जर्मनी के पब्लिक सर्विस ब्रॉडकास्टर Bayerischer Rundfunk ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी तस्वीरें पोस्ट करने से बचें, जिनमें उंगलियों के निशान स्पष्ट रूप से दिखाई देते हों। थम्स-अप, पीस साइन, विक्ट्री साइन या कैमरे की तरफ हाथ हिलाते हुए खींची गई तस्वीरों में अक्सर फिंगरप्रिंट आसानी से नजर आ सकते हैं.

एआई की मदद से तैयार हो सकते हैं नकली फिंगरप्रिंट

साइबर अपराधी अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और विशेष सॉफ्टवेयर की मदद से सोशल मीडिया पर अपलोड की गई तस्वीरों को प्रोसेस कर रहे हैं. यदि फोटो हाई-रेजॉल्यूशन कैमरे से ली गई हो और उसमें पर्याप्त रोशनी हो, तो फिंगरप्रिंट की महीन रेखाओं को भी रिकंस्ट्रक्ट किया जा सकता है.

चाइनीज सिक्योरिटी एक्सपर्ट्स के अनुसार, करीब 1.5 मीटर की दूरी से ली गई तस्वीर में यदि उंगलियां स्पष्ट दिखाई देती हैं, तो फिंगरप्रिंट निकाले जा सकते हैं. यहां तक कि 3 मीटर की दूरी से ली गई तस्वीरों में भी फिंगरप्रिंट का बड़ा हिस्सा पहचाना जा सकता है.

खुद को कैसे सुरक्षित रखें?

सोशल मीडिया पर फोटो शेयर करते समय इस बात का ध्यान रखें कि आपके फिंगरप्रिंट स्पष्ट रूप से दिखाई न दें. यदि किसी तस्वीर में उंगलियों के निशान नजर आ रहे हों, तो पोस्ट करने से पहले उन्हें ब्लर या ब्लैक आउट कर दें. इसके अलावा हाई-रेजॉल्यूशन क्लोज-अप फोटो और हथेली को स्पष्ट दिखाने वाली तस्वीरें साझा करने से भी बचें. थोड़ी सी सावधानी आपकी डिजिटल पहचान और निजी जानकारी को सुरक्षित रखने में मदद कर सकती है.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.