खुर्रम नगर पेट्रोल पंप परिसर में संचालित अवैध फूड हब में भीषण आग, एसी कंप्रेसर फटने की आशंका

लखनऊ। खुर्रम नगर स्थित पेट्रोल पंप परिसर में संचालित पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट में शुक्रवार शाम भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि उसकी लपटें करीब 10 फीट ऊंचाई तक उठती दिखाई दीं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने से पहले रेस्टोरेंट में लगे एसी के कंप्रेसर में जोरदार विस्फोट हुआ। इसके तुरंत बाद आग ने तेजी से पूरे फूड हब को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते रेस्टोरेंट के भीतर रखा सामान जलने लगा, जिससे भारी नुकसान हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम भी राहत एवं बचाव कार्य के लिए मौके पर भेजी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया, जिससे आग को आसपास के क्षेत्रों में फैलने से रोका जा सका।

गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर, उपकरण और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर एसी के कंप्रेसर में विस्फोट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

बताया जा रहा है कि पंजाबी फ्लेवर्ड फूड हब रेस्टोरेंट पेट्रोल पंप परिसर में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था। घटना के बाद संबंधित विभाग भी मामले की जांच में जुट गए हैं।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.