India Visa Rules: किन देशों को मिलती है वीजा-फ्री एंट्री और कितनी सख्त है भारत की इमिग्रेशन पॉलिसी?
भारत की वीजा और इमिग्रेशन व्यवस्था दुनिया की सबसे सख्त प्रणालियों में गिनी जाती है, जहां राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है. वर्तमान नियमों के अनुसार केवल कुछ ही देशों को वीजा-फ्री या सीमित वीजा ऑन अराइवल सुविधा मिलती है, जबकि अधिकांश विदेशी नागरिकों को भारत आने के लिए पहले से वीजा लेना अनिवार्य है. इसके साथ ही भारत में सुरक्षा जांच और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया भी काफी कड़ी है.
किन देशों को मिलती है वीजा-फ्री एंट्री?
भारत सिर्फ दो देशों के नागरिकों को पूरी तरह वीजा-फ्री एंट्री की सुविधा देता है—नेपाल और भूटान. इन देशों के नागरिक वैध पहचान दस्तावेज जैसे पासपोर्ट या नागरिकता प्रमाण पत्र दिखाकर भारत में प्रवेश कर सकते हैं। इन्हें भारत में रहने और काम करने की भी अनुमति मिलती है, जिससे दोनों देशों के बीच यात्रा आसान हो जाती है.
किन देशों को मिलता है वीजा ऑन अराइवल?
भारत कुछ चुनिंदा देशों के नागरिकों को वीजा ऑन अराइवल सुविधा भी देता है. इनमें जापान, दक्षिण कोरिया और संयुक्त अरब अमीरात शामिल हैं. हालांकि यूएई के नागरिकों के लिए यह सुविधा कुछ शर्तों के साथ लागू होती है, जैसे पहले भारतीय ई-वीजा या पेपर वीजा प्राप्त करना अनिवार्य हो सकता है. अन्य देशों के नागरिकों को भारत आने से पहले ई-वीजा या रेगुलर वीजा लेना होता है.
भारत की सख्त सुरक्षा और वेरिफिकेशन प्रक्रिया
भारत विदेशी यात्रियों के लिए कड़ी बैकग्राउंड जांच प्रक्रिया अपनाता है, खासकर उन देशों के नागरिकों के लिए जिन्हें सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. कुछ मामलों में गृह मंत्रालय से विशेष सुरक्षा मंजूरी भी ली जाती है. इसके अलावा, भारत लगभग सभी विदेशी यात्रियों के लिए बायोमैट्रिक वेरिफिकेशन भी करता है, जिसमें फिंगरप्रिंट और आइरिस स्कैन शामिल हैं ताकि पहचान की पुष्टि की जा सके और फर्जी दस्तावेजों पर रोक लगाई जा सके.
वीजा नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
यदि कोई विदेशी नागरिक अपने वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी भारत में रहता है, तो उस पर भारी जुर्माना लगाया जा सकता है. गंभीर मामलों में देश से निष्कासन, कानूनी कार्रवाई और जेल तक की सजा हो सकती है. इसके अलावा, नियम तोड़ने वाले व्यक्तियों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है, जिससे वे भविष्य में भारत में प्रवेश नहीं कर पाते.
लंबे प्रवास और रजिस्ट्रेशन नियम
जो विदेशी नागरिक 180 दिनों से अधिक समय तक भारत में रहते हैं, उन्हें 14 दिनों के भीतर फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस में पंजीकरण कराना अनिवार्य होता है. यह प्रक्रिया अधिकारियों को लंबे समय तक रहने वाले विदेशियों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में मदद करती है.
No Previous Comments found.