नेपाल का राष्ट्रीय ध्वज सबसे अलग क्यों है? जानिए इसके अनोखे आकार और रोचक इतिहास के बारे में

दुनिया के लगभग सभी देशों के राष्ट्रीय ध्वज आयताकार (Rectangular) आकार के होते हैं. भारत, अमेरिका, जापान, फ्रांस, ऑस्ट्रेलिया और ब्राजील जैसे देशों के झंडों का आकार लगभग एक जैसा दिखाई देता है. लेकिन नेपाल इस परंपरा से बिल्कुल अलग है. नेपाल दुनिया का एकमात्र देश है, जिसका राष्ट्रीय ध्वज न तो आयताकार है और न ही चौकोर, बल्कि दो त्रिकोणों से मिलकर बना है. यही अनोखा स्वरूप इसे पूरी दुनिया में अलग पहचान दिलाता है. आइए जानते हैं कि अधिकांश देशों के झंडे आयताकार क्यों होते हैं और नेपाल ने इस परंपरा को क्यों नहीं अपनाया.

आयताकार झंडों की शुरुआत कैसे हुई?

राष्ट्रीय ध्वज की शुरुआत केवल किसी देश की पहचान के लिए नहीं हुई थी. प्राचीन समय में युद्ध के मैदानों और समुद्री यात्राओं के दौरान सैनिकों और नाविकों को अपने दल की पहचान के लिए झंडों की आवश्यकता होती थी. आयताकार झंडे हवा में आसानी से लहराते थे, डंडे पर मजबूती से लगाए जा सकते थे और दूर से भी स्पष्ट दिखाई देते थे. यही कारण था कि यह आकार सबसे अधिक उपयोगी माना गया. समय के साथ अधिकांश देशों ने इसी स्वरूप को अपनाया और बाद में यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक मानक बन गया.

समुद्री व्यापार और युद्ध ने बनाया मानक

इतिहासकारों के अनुसार, समुद्री व्यापार के विस्तार के साथ झंडों का महत्व भी बढ़ता गया। जहाजों पर लगे झंडे दूर से ही किसी देश या जहाज की पहचान बताते थे. आयताकार झंडे तेज हवा में साफ दिखाई देते थे और आसानी से उलझते भी नहीं थे. इसी वजह से नौसेना और व्यापारिक जहाजों में इस आकार का व्यापक उपयोग हुआ. बाद में जब नए देशों का गठन हुआ, तो उन्होंने भी इसी परंपरा का पालन किया.

नेपाल का झंडा क्यों है सबसे अलग?

नेपाल का इतिहास अन्य देशों से काफी अलग रहा है। यह देश कभी भी किसी औपनिवेशिक शासन के अधीन नहीं रहा, इसलिए उस पर यूरोपीय झंडों की परंपरा का प्रभाव नहीं पड़ा. नेपाल ने अपनी सांस्कृतिक और पारंपरिक पहचान को बनाए रखते हुए त्रिकोणीय ध्वज को ही राष्ट्रीय ध्वज के रूप में अपनाया.

नेपाल का वर्तमान राष्ट्रीय ध्वज वर्ष 1962 में आधिकारिक रूप से स्वीकार किया गया. हालांकि इसका मूल स्वरूप सदियों पुराना माना जाता है. पहले भी नेपाल के विभिन्न राजवंश दो त्रिकोण वाले ध्वज का उपयोग करते थे. नए संविधान के लागू होने के बाद झंडे को आधुनिक रूप दिया गया, लेकिन इसकी मूल संरचना और पारंपरिक स्वरूप को यथावत रखा गया.

नेपाल के ध्वज में छिपा है गहरा प्रतीकात्मक महत्व

नेपाल का राष्ट्रीय ध्वज दो त्रिकोणों से मिलकर बना है। ऊपरी त्रिकोण में चंद्रमा और निचले त्रिकोण में सूर्य का प्रतीक अंकित है. इन दोनों प्रतीकों को नेपाल की स्थिरता, निरंतरता और लंबे अस्तित्व का प्रतीक माना जाता है. मान्यता है कि जब तक सूर्य और चंद्रमा अस्तित्व में रहेंगे, तब तक नेपाल भी अपनी पहचान बनाए रखेगा.

इसके अलावा, ध्वज के दोनों त्रिकोण हिमालय की ऊंची पर्वत श्रृंखलाओं का भी प्रतीक माने जाते हैं. वहीं कई व्याख्याओं में इन्हें नेपाल की दो प्रमुख धार्मिक परंपराओं—हिंदू और बौद्ध धर्म—से भी जोड़ा जाता है. यही ऐतिहासिक विरासत, सांस्कृतिक पहचान और प्रतीकात्मक महत्व नेपाल के राष्ट्रीय ध्वज को दुनिया के सभी झंडों से अलग और विशेष बनाते हैं.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.