Boat With Indians Capsized: वियतनाम में भारतीय पर्यटकों की स्पीडबोट पलटी, 15 मौतों की आशंका; भारतीय दूतावास ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
वियतनाम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल फु क्वोक (Phu Quoc) द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही एक स्पीडबोट के पलटने की दुखद घटना सामने आई है। भारतीय दूतावास के अनुसार, हादसा शनिवार दोपहर हुआ, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन ने तत्काल खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। शुरुआती रिपोर्टों में करीब 15 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मृतकों और नाव में सवार लोगों की आधिकारिक संख्या की पुष्टि अभी बाकी है। प्रभावित भारतीय नागरिकों की सहायता के लिए हनोई और हो ची मिन्ह सिटी में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
स्पीडबोट कहां और कैसे पलटी?
स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, ओशन पीयर आइलैंड कंपनी की ओर से संचालित स्पीडबोट हॉन मे रट (Hon May Rut) से पर्यटकों को लेकर एन थॉई पोर्ट (An Thoi Port) जा रही थी। स्थानीय समयानुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे होन मे रट एन्ग्वाई (Hon May Rut Ngoai) से लगभग 400 मीटर दूर नाव अचानक पलट गई। यह स्थान फु क्वोक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। हादसे के बाद नाव में सवार सभी यात्री समुद्र में गिर गए।
बचाव अभियान में आईं चुनौतियां
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद पर्यटक नौकाएं मदद के लिए घटनास्थल पर पहुंच गईं। बचाव कार्य में शामिल एक नाव संचालक के अनुसार, उनकी टीम लगभग पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई थी। हालांकि, कई यात्री पलटी हुई नाव के अंदर फंसे होने के कारण राहत कार्य बेहद कठिन हो गया। अशांत समुद्र ने भी रेस्क्यू ऑपरेशन को प्रभावित किया, जबकि घटना के समय बारिश नहीं हो रही थी।
भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
हनोई स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है और हादसे के कारणों के साथ-साथ नाव में सवार लोगों की सटीक जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी और हनोई में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं।
हेल्पलाइन नंबर
+84 362 817 930
+84 915 523 714
+84 334 520 414
+84 913 089 165 (हनोई)
फु क्वोक में पर्यटन का बढ़ता आकर्षण
पर्यटन विभाग के अनुसार, वर्ष 2026 के पहले छह महीनों में फु क्वोक द्वीप पर 57 लाख पर्यटक पहुंचे, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 30 प्रतिशत अधिक हैं। इसी अवधि में 13.2 लाख विदेशी पर्यटक यहां आए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 50 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। बढ़ती पर्यटक संख्या के बीच हुआ यह हादसा समुद्री सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहा है और बचाव अभियान जारी है।
No Previous Comments found.