Tihar Jail Food Menu: कैसी होती है तिहाड़ जेल के कैदियों की थाली? जानें किन चीजों की डिमांड कर सकते हैं अपराधी
भारत की सबसे सुरक्षित मानी जाने वाली तिहाड़ जेल एक बार फिर चर्चा में है. भारत-म्यांमार सीमा के पास आतंकी साजिश रचने के आरोप में बंद अमेरिकी नागरिक मैथ्यू आरोन वैनडाइक ने जेल प्रशासन से खुद खाना बनाने की अनुमति और पास्ता, ऑलिव ऑयल, चिकन, रेड मीट, टोन्ड मिल्क, सोया मिल्क तथा बोतलबंद पानी जैसी कई विशेष खाद्य सामग्री की मांग की है। इस वीआईपी डिमांड के बाद तिहाड़ जेल के कैदियों को मिलने वाले भोजन और वहां के तय डाइट सिस्टम को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
तिहाड़ जेल में मिलता है तय मील प्लान
तिहाड़ जेल में किसी भी कैदी को उसकी पसंद का भोजन नहीं दिया जाता. जेल प्रशासन डाइटिशियन द्वारा तय किए गए फिक्स मेन्यू के अनुसार करीब 20,000 कैदियों (तिहाड़, रोहिणी और मंडोली जेल परिसरों सहित) को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराता है। सभी कैदियों को दिन में चार बार खाना और नाश्ता दिया जाता है.
सुबह करीब 7 बजे चाय के साथ ब्रेड या बिस्कुट तथा पूरी-सब्जी या खिचड़ी दी जाती है. सुबह 11 बजे दोपहर के भोजन में चार रोटी, दाल और मौसमी सब्जी परोसी जाती है. शाम 3:30 बजे फिर चाय और बिस्कुट दिए जाते हैं. रात 6 से 6:30 बजे के बीच चार रोटी, दाल और मौसमी सब्जी मिलती है। कैदी चाहें तो रोटी की जगह चावल भी ले सकते हैं.
पोषण का रखा जाता है पूरा ध्यान
तिहाड़ जेल प्रशासन कैदियों के भोजन में पोषण का विशेष ध्यान रखता है. जेल मैन्युअल के अनुसार प्रत्येक कैदी को प्रतिदिन 600 ग्राम अनाज, 100 ग्राम दाल, 270 ग्राम हरी सब्जियां, 30 ग्राम खाद्य तेल, 30 ग्राम नमक, 20 ग्राम गुड़ और निर्धारित मात्रा में मसाले दिए जाते हैं.
प्रोटीन की जरूरत पूरी करने के लिए सप्ताह में दो दिन अंडा या 100 ग्राम सोयाबीन उत्पाद तथा दो दिन दूध दिया जाता है. सामान्य या शाकाहारी कैदियों को अंडा केवल मेडिकल ऑफिसर की लिखित सिफारिश पर ही उपलब्ध कराया जाता है.
वैज्ञानिक तरीके से तैयार होता है भोजन
जेल का भोजन वैज्ञानिक मानकों के आधार पर तैयार किया जाता है ताकि कैदियों को संतुलित पोषण मिल सके. डाइटिशियन यह सुनिश्चित करते हैं कि प्रत्येक कैदी को प्रतिदिन लगभग 300 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 50 ग्राम फैट और शरीर के प्रति किलोग्राम वजन के अनुसार एक ग्राम प्रोटीन मिले. इसके अलावा भोजन में कैल्शियम, आयरन और आवश्यक विटामिन की पर्याप्त मात्रा भी शामिल होती है. गर्भवती महिलाओं, बच्चों और बीमार कैदियों के लिए अलग विशेष डाइट की व्यवस्था रहती है.
भोजन का बजट और जेल कैंटीन
तिहाड़ जेल में कैदियों का भोजन जेल परिसर के अंदर ही कैदियों की एक विशेष टीम तैयार करती है, जिसकी निगरानी प्रशासन करता है. कैदियों के भोजन पर सालाना 600 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होता है. इसके अलावा TJ ब्रांड के तहत कैदी बेकरी उत्पाद, मसाले, अचार, पापड़ और नमकीन भी तैयार करते हैं.
यदि कोई कैदी सामान्य भोजन से अलग कुछ खाना चाहता है, तो वह जेल की स्मार्ट कार्ड कैंटीन से अपने पैसे देकर बिस्कुट, नमकीन, बन, चाय और पैकेज्ड नारियल पानी जैसी स्वीकृत वस्तुएं खरीद सकता है। हालांकि कैंटीन में केवल वही सामान उपलब्ध होता है जिसे जेल नियमों के तहत अनुमति प्राप्त है.
No Previous Comments found.