UP से महाराष्ट्र-आंध्र प्रदेश तक मिले कोरोना के केस, क्या 2026 में फिर लौटेगा कोविड-19? जानें एक्सपर्ट्स की राय

देश के कुछ राज्यों में कोरोना वायरस के नए मामले सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर एक बार फिर कोविड-19 की वापसी और साल 2026 में लॉकडाउन लगने जैसी चर्चाएं तेज हो गई हैं. इन वायरल खबरों की वजह से लोगों में चिंता बढ़ गई है और कई लोग 2020 जैसी स्थिति दोबारा आने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और सरकारी अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है. कोरोना अब पहले की तरह गंभीर स्थिति में नहीं है और स्वास्थ्य विभाग हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है.

देश के इन राज्यों में सामने आए कोरोना के नए मामले 

हाल ही में देश के कुछ हिस्सों में कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज किए गए हैं. उत्तर प्रदेश के वाराणसी में एक 27 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया. सांस लेने में परेशानी के बाद उसे काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के सर सुंदरलाल अस्पताल में जांच के लिए लाया गया, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई। फिलहाल उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है.

वहीं, आंध्र प्रदेश में कोरोना के सबसे ज्यादा सक्रिय मामले सामने आए हैं. राज्य में फिलहाल 8 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं. पिछले कुछ हफ्तों में कोरोना संक्रमण से दो लोगों की मौत भी हो चुकी है। कडप्पा और अन्नमैया जिले से सामने आए मामलों के बाद मरीजों के सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए हैं, ताकि वायरस के नए वैरिएंट की जानकारी मिल सके.

इसके अलावा महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोरोना का नया मामला सामने आया है.वहीं, मशहूर सिंगर कुमार सानू के बेटे जान कुमार सानू भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं और उनका इलाज जारी है.

क्या फिर आएगी कोरोना की बड़ी लहर?

मेडिकल एक्सपर्ट्स के अनुसार, कोरोना वायरस अब एंडेमिक स्टेज में पहुंच चुका है. इसका मतलब है कि यह वायरस पूरी तरह खत्म नहीं होगा और समय-समय पर इसके छोटे-मोटे मामले सामने आते रहेंगे. वैक्सीनेशन और पहले हुए संक्रमण के कारण लोगों के शरीर में इम्युनिटी विकसित हो चुकी है, जिससे वायरस का असर पहले की तुलना में कम खतरनाक हो गया है.

लॉकडाउन 2026 की खबरें निकलीं अफवाह

सोशल मीडिया पर चल रही 2026 में लॉकडाउन लगने की खबरों को स्वास्थ्य अधिकारियों ने पूरी तरह गलत बताया है. फिलहाल देश में यात्रा, स्कूल-कॉलेज या कामकाज को लेकर किसी तरह की पाबंदी नहीं लगाई गई है. सरकार ने मास्क को भी अनिवार्य नहीं किया है.

स्वास्थ्य विभाग की तैयारी और बचाव के तरीके

कोरोना के नए मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. अस्पतालों को जरूरी दवाइयां, टेस्टिंग किट, PPE किट और N95 मास्क का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही जरूरत पड़ने पर मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने की व्यवस्था की जा रही है.

विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए. भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनना और साफ-सफाई का ध्यान रखना कोरोना समेत कई अन्य संक्रमणों से बचाव में मददगार हो सकता है.

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.