लखनऊ के जवाहर भवन में लगी भीषण आग, 2 किलोमीटर दूर तक दिखा धुएं का गुबार; फायर टीम ने पाया काबू
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सरकारी इमारत जवाहर भवन में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि इसका काला धुआं करीब 2 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि आग जवाहर भवन की चौथी मंजिल पर स्थित खाद्य एवं रसद विभाग के कार्यालय और कैंटीन में लगी। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया, हालांकि समय रहते बड़ी संख्या में कर्मचारी और अन्य लोग सुरक्षित बाहर निकल आए।
चौथी मंजिल की कैंटीन से शुरू हुई आग
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10 बजे जवाहर भवन की ऊपरी मंजिल पर स्थित कैंटीन में आग लगी। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। जिस समय आग लगी, उस वक्त ज्यादातर कर्मचारी कार्यालय पहुंच चुके थे, जिसके कारण लोगों में डर और अफरा-तफरी फैल गई।
आग लगने के बाद इमारत के ऊपरी हिस्से से निकलता काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। आसपास मौजूद लोग भी घटना को देखने के लिए जवाहर भवन की ओर पहुंच गए।
दमकल की 15 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 15 दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। फायरकर्मियों ने होज पाइप के जरिए चौथी मंजिल तक पानी पहुंचाकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के दौरान पुराने और जर्जर भवन की छत का एक बड़ा हिस्सा भी टूटकर नीचे गिर गया। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
डिप्टी सीएम समेत कई अधिकारी पहुंचे मौके पर
जवाहर भवन में आग की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल, जिलाधिकारी, पुलिस अधिकारी और फायर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि दमकल विभाग ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया है। उन्होंने कहा कि इस घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भवन काफी पुराना और जर्जर हो चुका है, इसलिए इसके विकल्प पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।
महत्वपूर्ण दस्तावेजों के नुकसान की आशंका
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। फायर विभाग और प्रशासन की टीमें आग लगने के स्रोत की जांच कर रही हैं। इसके अलावा यह भी आकलन किया जा रहा है कि आग से कितनी सरकारी फाइलों और जरूरी दस्तावेजों को नुकसान पहुंचा है।
प्रशासन का कहना है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने की सही वजह और नुकसान का पूरा आंकलन सामने आ पाएगा। फिलहाल जवाहर भवन में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और जांच प्रक्रिया जारी है।
No Previous Comments found.