पीएम मोदी कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलें' : लोकसभा में प्रियंका गांधी का केंद्र सरकार पर हमला

लोकसभा में पेपर लीक रोकने से जुड़े संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कानून बनने के बावजूद पेपर लीक के मामलों में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और छात्रों के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ किया जा रहा है।

कानून और पेपर लीक पर उठाए सवाल

प्रियंका गांधी ने कहा कि सदन जिस संशोधन विधेयक पर चर्चा कर रहा है, वह उसी कानून में बदलाव है जिसे वर्ष 2024 में पारित किया गया था। उन्होंने दावा किया कि कानून लागू होने के बाद भी अब तक पेपर लीक के किसी आरोपी को सजा नहीं मिली है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हाल के दिनों में छात्रों के नाम सार्वजनिक किए जा रहे हैं, लेकिन पेपर लीक के आरोपियों की पहचान सामने नहीं लाई जा रही।

'कैमरे का नहीं, दिल का एंगल बदलें'

प्रियंका गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री को अपने सलाहकार बदलने चाहिए, क्योंकि केवल नई समितियां बनाने से समस्या का समाधान नहीं होगा। उन्होंने राधाकृष्णन समिति की संरचना पर सवाल उठाते हुए कहा कि उसमें ऐसे लोगों को शामिल किया गया जिनका शिक्षा से कोई संबंध नहीं है। इस दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुस्कुराने पर उन्होंने कहा, "सर, आप मुस्कुराइए जरूर।" उन्होंने आगे कहा कि केवल अलग-अलग कैमरा एंगल से वीडियो बनाकर नई पीढ़ी को प्रभावित नहीं किया जा सकता, बल्कि प्रधानमंत्री को अपने दिल का एंगल बदलने की जरूरत है।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

प्रियंका गांधी ने फास्ट ट्रैक अदालतों के कामकाज पर भी सवाल उठाए और कहा कि पिछली सुनवाई में सीबीआई के वकील अदालत तक नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में युवाओं के भविष्य के साथ सबसे बड़ी चोरी हुई है। वहीं, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ने राहुल गांधी के भाषण की नकल की है।

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.