मूल शिवलिंग के दर्शन की मांग पर 3,500 कांवड़ियों का प्रदर्शन,डिवाइडर पर चढ़ाया गंगाजल
लखनऊ में सावन के तीसरे बुधवार को करीब 3,500 कांवड़ियों ने मोहन रोड पर प्रदर्शन किया। वैदेही सेना के नेतृत्व में बिठूर से गंगाजल लेकर लौटे कांवड़िए बुद्धेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और शिवलिंग पर चढ़ी चांदी हटाकर मूल शिवलिंग के दर्शन कराने की मांग की। कांवड़ियों का कहना था कि मूल शिवलिंग के दर्शन करने के बाद ही वे गंगाजल से जलाभिषेक करेंगे।
आगरा एक्सप्रेसवे के नीचे और मोहन रोड पर लगा लंबा जाम
कांवड़ियों के प्रदर्शन के चलते आगरा एक्सप्रेसवे के नीचे और मोहन रोड पर करीब छह घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोगों को काफी देर तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर की बातचीत
सूचना मिलते ही डीसीपी कमलेश दीक्षित, एसीपी काकोरी शकील अहमद समेत तीन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ियों से बातचीत कर उनकी मांग पर सहमति बनाने और रास्ता खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन देर तक कोई सहमति नहीं बन सकी।
डिवाइडर पर चढ़ाया गंगाजल, फिर आगे बढ़े कांवड़िए
मांग पर सहमति नहीं बनने के बाद कांवड़ियों ने आगरा एक्सप्रेसवे के नीचे डिवाइडर पर ही गंगाजल चढ़ाया। इसके बाद कांवड़िए आगे बढ़ गए। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया। इस दौरान करीब छह घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
No Previous Comments found.