सेवा से नेतृत्व तक... लायंस क्लब के इंस्टॉलेशन सेरेमनी ‘अभ्युदय’ में दिखी समाजसेवा की नई तस्वीर
लखनऊ। जरूरतमंदों के हाथों में सिलाई मशीन, लोगों के बीच साइकिल और मंच पर सेवा का संकल्प... लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 B1 के ‘अभ्युदय’ समारोह में समाजसेवा की ऐसी तस्वीर देखने को मिली, जहां आयोजन सिर्फ पदभार ग्रहण करने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि जरूरतमंदों को आत्मनिर्भर बनाने का संदेश भी देता नजर आया। सेवा गतिविधियों से शुरू हुआ समारोह इंस्टॉलेशन सेरेमनी, नई जिम्मेदारियों और फेलोशिप के साथ संपन्न हुआ।
लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 B1 की ओर से आयोजित ‘अभ्युदय’ डिस्ट्रिक्ट इंस्टॉलेशन सेरेमनी को दो चरणों में आयोजित किया गया। पहले चरण में होटल लेमन ट्री में सेवा गतिविधियों का आयोजन हुआ। दोपहर दो बजे प्रतिभागियों के एकत्रीकरण के बाद तीन बजे जरूरतमंदों को सिलाई मशीन और साइकिल वितरित की गईं। सिलाई मशीन के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की पहल की गई, जबकि साइकिल वितरण के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की रोजमर्रा की जिंदगी को आसान बनाने का प्रयास किया गया।
सेवा गतिविधियों में लायंस क्लब के मूल मंत्र ‘We Serve’ की भावना साफ नजर आई। आयोजन के जरिए यह संदेश दिया गया कि समाजसेवा केवल सहायता पहुंचाने तक सीमित नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को अपने पैरों पर खड़ा करने की दिशा में भी होनी चाहिए।
इसके बाद कार्यक्रम का दूसरा चरण होटल ITC Fortune Select में आयोजित हुआ। शाम चार बजे इंस्टॉलेशन सेरेमनी का शुभारंभ हुआ। इस दौरान डिस्ट्रिक्ट स्तर पर नई जिम्मेदारियों और नेतृत्व की औपचारिक शुरुआत हुई। समारोह में सेवा गतिविधियों के विस्तार, जरूरतमंद वर्गों तक संगठन की पहुंच बढ़ाने और सामाजिक कार्यों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में लायंस क्लब इंटरनेशनल के इंटरनेशनल डायरेक्टर लॉयन विनय मित्तल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। लॉयन जितेंद्र सिंह चौहान ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर की भूमिका निभाई, जबकि उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य पवन सिंह चौहान स्पेशल गेस्ट के रूप में शामिल हुए।
समारोह में लायंस क्लब इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 321 B1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF लॉयन परमजीत सिंह, फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन दलजीत सिंह टोनी, सेकेंड वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन नवीन कुमार झिंगरन और इमींडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर PMJF लॉयन आर.सी. मिश्रा की गरिमामयी मौजूदगी रही। वहीं डिस्ट्रिक्ट इंस्टॉलेशन चेयरपर्सन एवं पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लॉयन बी.एन. चौधरी भी समारोह में उपस्थित रहे।इसके अलावा कई और गणमान्य सदस्यों की भी कार्यक्रम के दौरान मौजूदगी रही ..
इंस्टॉलेशन के बाद फेलोशिप और डिनर का आयोजन किया गया, जिसमें लायंस क्लब के सदस्यों ने एक-दूसरे से संवाद किया और आपसी सहभागिता को मजबूत किया। समारोह में निर्धारित ड्रेस कोड भी आकर्षण का केंद्र रहा। पुरुषों के लिए ब्लैक सूट, पिंक शर्ट और रेड टाई, जबकि महिलाओं के लिए पिंक साड़ी का ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था।
‘अभ्युदय’ का यह आयोजन इस मायने में खास रहा कि यहां नेतृत्व की नई जिम्मेदारियों के साथ सेवा का संकल्प भी नजर आया। एक तरफ मंच पर नई जिम्मेदारियों की शुरुआत हुई, तो दूसरी तरफ जरूरतमंदों के हाथों में आत्मनिर्भरता का साधन पहुंचाया गया। यही वजह रही कि लायंस क्लब डिस्ट्रिक्ट 321 B1 का यह समारोह सेवा, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के संदेश के साथ यादगार बन गया।
No Previous Comments found.