लखनऊ की हवा ने देश में लहराया परचम, 10 लाख+ आबादी वाले शहरों में नंबर-1
नवाबों का शहर अब अपनी हवा के लिए भी देशभर में पहचान बना रहा है। लखनऊ ने साफ हवा के मामले में देश में पहला स्थान हासिल किया है। केंद्र सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के तहत हुई रैंकिंग में 10 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों की कैटेगरी में लखनऊ ने बाजी मार ली है।
खास बात यह है कि सिर्फ शहर ही नहीं, लखनऊ का एक वार्ड भी देश में नंबर-1 रहा। जोन-4 के वार्ड नंबर-70, पेपर मिल कॉलोनी को 30 हजार से ज्यादा आबादी वाले वार्डों की श्रेणी में देश का सबसे साफ हवा वाला वार्ड चुना गया है।
प्रदूषण से मुकाबले का दिखा असर
नगर आयुक्त गौरव कुमार के मुताबिक, NCAP की गाइडलाइन के तहत शहर में वायु प्रदूषण कम करने के लिए लगातार कई स्तरों पर काम किया गया। प्रदूषण के स्रोतों पर नियंत्रण से लेकर सड़क की धूल और अन्य कारणों को कम करने की कोशिशों का असर अब रैंकिंग में नजर आ रहा है।
यानी जिस लखनऊ की पहचान कभी सिर्फ तहजीब, अदब और खानपान से होती थी, अब उसकी फेहरिस्त में साफ हवा भी जुड़ गई है।
अब स्वच्छता सर्वेक्षण पर नजर
हवा की रैंकिंग में नंबर-1 बनने के बाद अब लखनऊ की नजर स्वच्छ सर्वेक्षण-2025 के नतीजों पर है। इसकी रैंकिंग भी जल्द जारी होने की उम्मीद है। अधिकारियों को भरोसा है कि स्वच्छता के मोर्चे पर भी शहर इस बार बेहतर प्रदर्शन करेगा।
साफ हवा में नंबर-1 का तमगा मिलने के बाद अब सवाल यही है—क्या सफाई की रैंकिंग में भी लखनऊ मारेगा बाजी?
No Previous Comments found.