विश्व पर्यटन दिवस पर भरतपुर में स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन

भरतपुर :  विश्व पर्यटन दिवस-2025 एवं सेवा पखवाड़ा के तहत पर्यटन विभाग, भरतपुर द्वारा केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान एवं राजकीय संग्रहालय में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल रही।

सेवा पखवाड़ा 2025 में पंच गौरव अंतर्गत चयनित पर्यटन स्थल केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान परिसर में आयोजित स्वच्छता अभियान में स्थानीय समुदाय, पर्यटक एवं विभागीय कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभियान का उद्देश्य उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता एवं जैव विविधता को संरक्षित रखते हुए इसे प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाए रखना था। संयुक्त निदेशक पर्यटन संजय जौहरी ने बताया कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित इस अभियान में कचरा संग्रहण, पर्यावरण जागरूकता और स्वच्छता पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान उद्यान में आने वाले पर्यटकों का पारंपरिक राजस्थानी तिलक एवं माल्यार्पण के साथ स्वागत किया गया। इस अवसर पर लोक कलाकारों ने राजस्थानी लोक नृत्य और संगीत प्रस्तुत कर उपस्थित पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्राकृतिक धरोहर और सांस्कृतिक परंपरा का यह संगम सभी के लिए आकर्षण का केंद्र रहा।

इसी क्रम में भरतपुर राजकीय संग्रहालय में विद्यार्थियों हेतु विशेष गतिविधियां आयोजित की गईं। स्कूली बच्चों ने संग्रहालय का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों को नजदीक से देखा। भ्रमण के पश्चात आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में बच्चों ने “पर्यटन और सतत परिवर्तन ” विषय पर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया। 
संयुक्त निदेशक ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस पर आयोजित ये गतिविधियां न केवल पर्यटन संवर्धन के लिए महत्वपूर्ण हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होंगी। केवलादेव राष्ट्रीय उद्यान एवं भरतपुर राजकीय संग्रहालय जैसे स्थल भारत की प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत से पर्यटकों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऐसे आयोजन पर्यटन विभाग की स्थायी पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। भविष्य में भी विभाग इसी प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से भरतपुर की समृद्ध विरासत और प्राकृतिक सौंदर्य को अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।

रिपोर्टर : रीना

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.