स्वच्छता को दैनिक कार्य संस्कृति का बनाएं हिस्सा - जिला कलक्टर

भरतपुर : राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जिले में चल रही विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत मंगलवार को भरतपुर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। राज्य सरकार के निर्देश पर यह अभियान कार्यालय परिसरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और कार्यक्षम बनाने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के उद्देश्य से चलाया गया।
जिला कलक्टर कमर चौधरी ने जिला कलक्ट्रेट परिसर का गहन निरीक्षण किया और विभिन्न विभागों में सफाई कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने जिला परिषद, वन विभाग, रसद विभाग, निर्वाचन विभाग, उपखंड अधिकारी कार्यालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, राजस्व विभाग, अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (प्रशासन एवं सिटी) कार्यालय, राजस्व अपील प्राधिकारी कार्यालय, उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग सहित अन्य अनुभागों का दौरा किया। जिला कलक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यालयों में नियमित स्वच्छता बनाए रखी जाए, अभिलेख सुव्यवस्थित रखे जाएं और अनुपयोगी सामग्री को तत्काल हटाया जाए। अभियान के समापन पर जिला कलक्टर कमर चौधरी ने कहा कि स्वच्छता कोई एक दिवसीय कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाना चाहिए। स्वच्छ एवं व्यवस्थित कार्यालय कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाते हैं और जनता के समक्ष प्रशासन की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करते हैं। उन्होंने सभी से स्वच्छता को निरंतर अपनाने की अपील की।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) घनश्याम शर्मा तथा एडीएम सिटी राहुल सैनी उपस्थित रहे।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) ने कलक्ट्रेट भवन के गलियारे में पर्याप्त रोशनी हेतु खराब ट्यूबलाइटों को ठीक कराने तथा वन विभाग व जिला परिषद के सुलभ शौचालयों की व्यवस्था बेहतर करने के निर्देश दिए। एडीएम सिटी ने अनुपयोगी ई-कचरे एवं पुराने इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के नियमित निस्तारण के आदेश जारी किए। इसी कड़ी में जिला परिषद की एसीईओ रेखा रानी तथा भरतपुर उपखंड अधिकारी भारती गुप्ता ने अपने कार्यालयों में कर्मचारियों के साथ मिलकर स्वच्छता कार्य सुनिश्चित कराया। जिले के सभी उपखंड मुख्यालयों एवं पंचायत समिति स्तर पर भी अभियान उत्साह से आयोजित हुआ। प्रत्येक कार्यालय में कम से कम एक घंटे सफाई के लिए निर्धारित किया गया, जिससे स्वच्छ भारत मिशन को बल मिला।

रिपोर्टर : देवेन्द्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.