राष्ट्रीय बालिका दिवस समारोह पूर्वक मनाया गया

भरतपुर : जिला प्रशासन एवं महिला अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को राजकीय मास्टर आदित्येन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयुक्त बीडीए कनिष्क कटारिया की अध्यक्षता में राष्ट्रीय बालिका दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें बेटी को जन्म देने वाली 10 प्रसूताओ को बेबी किट, बधाई सन्देश के साथ सामूहिक रूप से बालिकाओं के द्वारा केक काटकर बेटी जन्मोत्सव मनाया गया। 
इस अवसर पर कक्षा 10वीं व 12वीं में उच्चतम अंक प्राप्त करने वाली कुल 22 मेधावी बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र, प्रतीक चिन्ह देकर एवं 5000-5000 रूपये की राशि का उनके खाते में हस्तांतरण किया जा कर सम्मानित किया गया। इसी के साथ राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली बालिकाओं को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल देकर आयुक्त द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में होली मदर पब्लिक स्कूल, सुरजीत उच्च माध्यमिक विद्यालय, एस.वी.के. विद्यालय की बालिकाओं के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं स्पीच का आयोजन किया गया। संचालन करते हुए कवि जय सारस्वत द्वारा अपनी कविता पाठ के माध्यम से बेटियो को जागरूक किया। 
बीडीए आयुक्त द्वारा बालिकाओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने, समाज में बाल विवाह रोकथाम का सन्देश देने, स्वयं को आर्थिक एवं सामाजिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का सन्देश दिया। उप निदेशक महिला अधिकारिता राजेश कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी मंचासीन अतिथियों का स्वागत करते हुए बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शपथ दिलवाई गई एवं मुख्य अतिथि द्वारा बाल विवाह मुक्त राजस्थान रथ को हरी झंडी दिखा कर जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायतों में प्रचार-प्रसार हेतु रवाना किया गया। इसी प्रकार सुपरवाईजर महिला अधिकारिता द्वारा ब्लॉक स्तर पर बेटी जन्मोत्सव मनाया गया और प्रसूताओं को बधाई संदेश दे कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुरेन्द्र गोपलिया, प्रभारी महिला थाना पुष्पा देवी एवं प्रयत्न संस्था से शालो हेम्ब्रोम, पूजा वशुमती, नीरज कुंतल आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 450 संभागीयो ने भाग लिया।

रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.