जिला स्तरीय जागरूकता शिविर में स्वरोजगार योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी 15 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति पत्र वितरित

भरतपुर :  जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र, भरतपुर द्वारा बुधवार को होटल ईगल नेस्ट सारस चौराहा में डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना एवं विभाग द्वारा संचालित अन्य स्वरोजगार ऋण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में मुख्य अतिथि एडीएम सिटी राहुल सैनी ने संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाना और नए उद्योग स्थापित करने के लिए युवाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि उद्योग विभाग द्वारा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर सकारात्मक पहल की जा रही है।
जिला उद्योग महाप्रबंधक सी.एम. गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार की डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना समाज के दलित, आदिवासी एवं पिछड़े वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने तथा उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को ऋण, अनुदान एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रमोद शर्मा, उपनिदेशक, महिला अधिकारिता विभाग राजेश कुमार, वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक, रीको एन.के. वर्मा, अग्रणी जिला प्रबंधक पीएनबी भरतपुर प्रशांत कुमार एवं अग्रणी जिला प्रबंधक पीएनबी डीग निखिल लाल उपस्थित रहे।
जागरूकता शिविर में उद्योग एवं वाणिज्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे-युवा विश्वकर्मा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, डॉ. भीमराव अंबेडकर राजस्थान दलित आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राजस्थान व्यापार नीति आदि के साथ-साथ एमएसएमई इकाइयों के कल्याण हेतु राज्य सरकार द्वारा संचालित राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, ओडीओपी, एमएसएमई पॉलिसी, निर्यात प्रोत्साहन नीति एवं एकीकृत क्लस्टर विकास योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
शिविर के दौरान विभिन्न बैंकों द्वारा योजनाओं के अंतर्गत लगभग 15 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति हेतु प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा प्रबंधकों को प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष, सीए ब्रांच भरतपुर अंकुर खंडेलवाल, सीए गिरीश गर्ग, सीए गौरव गुप्ता, जिला उद्योग एवं वाणिज्य अधिकारी सूर्यकांत पांडे सहित लगभग 150 उद्यमियों एवं बैंक अधिकारियों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
 
रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.