राजस्थान दिवस पर सीएसआर एवं एमएसएमई जिला स्तरीय जागरूकता शिविर आयोजित

भरतपुर :  राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र द्वारा गुरुवार को होटल ईगल नेक्स्ट में सीएसआर एवं एमएसएमई विषयक जिला स्तरीय जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जिले के उद्यमियों, नवप्रवर्तकों एवं युवाओं को राज्य सरकार की विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें इन योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र सीएम गुप्ता ने उपस्थित प्रतिभागियों को विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, राजस्थान एमएसएमई पॉलिसी, राजस्थान ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) पॉलिसी, विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना एवं मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के विभिन्न प्रावधानों, पात्रता मानदंडों तथा आवेदन प्रक्रिया के बारे में सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समझाया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से राज्य सरकार उद्यमिता को बढ़ावा देने, स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है। शिविर में विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। 
इस अवसर पर अध्यक्ष ब्रज उद्योग संघ विनीत अग्रवाल, संरक्षक ब्रज उद्योग संघ राधेश्याम गोयल, अध्यक्ष बयाना लघु उद्योग महासंघ बनवारी लाल हरजाई, एमसीसी हेड पंजाब नेशनल बैंक प्रीतम वर्मा, अध्यक्ष टैक्स बार एसोसिएशन कमलजीत सिंह मग्गो तथा संकल्प पीतलिया, प्रतिनिधि सीए संगठन सहित जिले भर से बड़ी संख्या में उद्यमी एवं इच्छुक युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने योजनाओं से संबंधित अपने प्रश्न भी रखे, जिनका समाधान विशेषज्ञों द्वारा मौके पर ही किया गया। साथ ही बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थाओं द्वारा ऋण सुविधा, सब्सिडी एवं अन्य सहयोग के बारे में भी जानकारी दी गई।

रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.