राजस्थान दिवस पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक छटा, लोक कलाकारों ने बांधा समां

भरतपुर :  राजस्थान दिवस के उपलक्ष्य में लोहागढ़ किला स्थित किशोरी महल प्लाजा में भव्य एवं आकर्षक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोक कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और विविध रंगों को सजीव रूप में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जल संसाधन एवं जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत, जिला कलेक्टर कमर चौधरी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं आमजन उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में जिला प्रभारी मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि राजस्थान का निर्माण नव संवत्सर में रोहिणी नक्षत्र के समय हुआ था और आज यह प्रदेश अपने विकास कार्यों, समृद्ध लोक संस्कृति, जैव विविधता तथा ऐतिहासिक धरोहरों के लिए देश-विदेश में विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने कहा कि हमें राजस्थानी होने पर गर्व है, यहां की संस्कृति में निहित अपनत्व और वीरता की परंपरा पूरे विश्व में विख्यात है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत बाड़मेर के मोती खान द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक गणेश वंदना से हुई, जिसने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात करुणा वर्मा ने भवाई नृत्य, महेंद्र ने कच्छी घोड़ी नृत्य तथा मीना देवी ने चरी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
डीग के टीकेंद्र जनुथर द्वारा प्रस्तुत बम रसिया लोकगीत ने कार्यक्रम में नई ऊर्जा का संचार किया, वहीं विष्णु शर्मा के मयूर नृत्य और बाड़मेर के माननाथ के कालबेलिया नृत्य ने लोक जीवन की जीवंत झलक प्रस्तुत की। स्थानीय कलाकार मुखराम गुर्जर कुन्देर, भरतपुर द्वारा ढोला गायन ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके अतिरिक्त मोती खान का लंगा गायन एवं टीकेंद्र जनुथर का बम वादन भी कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे।
कार्यक्रम का समापन विष्णु शर्मा के फूलों के नृत्य की ऊर्जावान प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसने पूरे वातावरण को उल्लास और उत्साह से भर दिया। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन अनुपमा चिमा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त कलेक्टर प्रशासन घनश्याम शर्मा, अतिरिक्त कलेक्टर शहर राहुल सैनी, जिला आबकारी अधिकारी राजीव शर्मा, जिला अध्यक्ष शिवानी दायमा, गिरधारी तिवारी, सतेन्द्र गोयल, मनोज भारद्वाज, भगवान दास, गिरधारी गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.