19 स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में सैनिकों को समर्पित एक भव्य मैराथन आयोजित

भरतपुर : पंजाब नेशनल बैंक मंडल कार्यालय भरतपुर द्वारा 19 स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में सैनिकों को समर्पित एक भव्य मैराथन का आयोजन किया गया। देशभक्ति और उत्साह से ओत-प्रोत इस आयोजन में करीब 350 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
मंडल प्रमुख प्रमोद कुमार ने बताया कि मैराथन का मुख्य उद्देश्य देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता प्रकट करना तथा युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना रहा। प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला और भारत माता की जय जैसे नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। उन्होंने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे सैनिक सीमाओं पर दिन-रात देश की रक्षा में तैनात रहते हैं, उनके त्याग और समर्पण की बदौलत ही हम सुरक्षित जीवन जी पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से न केवल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सकती है बल्कि समाज में सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा सकता है।
उप मंडल प्रमुख धर्मेन्द्र कुमार मीना ने युवाओं से आह्वान किया कि वे न केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ रहें, बल्कि राष्ट्रहित के कार्यों में भी बढ़-चढ़कर भाग लें और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ, जिसमें प्रतिभागियों के उत्साह और अनुशासन ने सभी को प्रभावित किया। आयोजकों ने इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला एक सफल प्रयास बताया।

रिपोर्टर : देवेन्द्र 

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.