कोबरा के डसने से मजदूर गंभीर,बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती

भरतपुर : वैर उपखंड के ग्राम समराया  में एक मजदूर को कोबरा सर्प ने डस लिया, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार पुरुषोत्तम पुत्र कमल, जाति माली, गांव में ही एक मकान निर्माण कार्य में लगा हुआ था।

काम के दौरान जैसे ही उसने एक पत्थर उठाया, उसके नीचे छिपे कोबरा सर्प ने अचानक पुरुषोत्तम पर हमला कर दिया और उसके हाथ पर डस लिया। घबराकर जैसे ही पीड़ित ने हाथ को झटका मारा तो सर्प ने उसके पैर को भी डस लिया।

घटना के बाद पुरुषोत्तम की हालत तेजी से बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गया। परिजन तुरंत उसे बयाना के उपजिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार समय पर अस्पताल पहुंचाने से उसकी जान बचाने की कोशिश की जा रही है। घटना के बाद गांव में डर का माहौल बना हुआ है।

रिपोर्टर : देवेन्द्र

Leave a Reply



comments

Loading.....
  • No Previous Comments found.